अडाणी ग्रुप के 10 में 7 शेयरों में तेजी:अडाणी पावर 5% चढ़ा, ग्रीन एनर्जी, ट्रांसमिशन और टोटल गैस 5-5% टूटे; सेंसेक्स में मामूली बढ़त

मिलेजुले ग्लोबल मार्केट संकेतों के चलते घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत आज यानी मंगलवार (21 फरवरी) को फ्लैट हुई है। सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स 60,700 के करीब है और निफ्टी 17,850 के करीब काराबोर कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 13 में तेजी और 17 शेयरों में गिरावट है।

अडाणी पावर में 5% की तेजी
अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 3 में गिरावट है। फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज करीब 0.5% ऊपर है। वहीं अडाणी पावर में 5% का अपर सर्किट लगा है। अडाणी पोर्ट और अडाणी विल्मर में 2-2% की तेजी है। गुप के सीमेंट स्टॉक एसीसी में 0.5% और अंबुजा सीमेंट में 3.5% की तेजी है। मीडिया कंपनी एनडीटीवी भी करीब 1.5% बढ़कर कारोबार कर रहा है। अडाणी ग्रीन एनर्जी, ट्रांसमिशन और टोटल गैस 5-5% टूटे हैं।

अमेरिकी और एशियाई बाजारों में बिकवाली
आज प्रमुख एशियाई बाजारों में बिकवाली देखने को मिल रही है। निक्‍केई 225 और स्‍ट्रेट टाइम्‍स दोनों में 0.14% कमजोरी है। हैंगसेंग 1% गिरा है। ताइवान वेटेड में 0.12% की गिरावट है। जबकि कोस्‍पी में 0.06% और शंघाई कंपोजिट में 0.07% की कमजोरी है। वहीं सोमवार को अमेरिकी बाजार गिरावट पर बंद हुए। डाउ जोन्स में 93 अंकों की कमजोरी रही। S&P 500 इंडेक्‍स में 12 अंक जबकि नैस्डेक में 69 अंकों की गिरावट रही।

क्रूड में 1.3% की तेजी
ब्रेंट क्रूड में तेजी देखने को मिल रही है। क्रूड इंटरनेशनल मार्केट में 1.3% या 1.07 डॉलर बढ़कर 84.07 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। जबकि अमेरिकी क्रूड 1.1% बढ़कर 77.19 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

सोमवार को 311 अंक गिरा था सेंसेक्स
शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (20 फरवरी 23) को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 311 अंक गिरकर 60,691 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 99 अंकों की गिरावट रही। यह 17,844 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 शेयरों में गिरावट और 10 में तेजी रही।