22 साल के सलमान का ऑडिशन टेप सामने आया:’मैंने प्यार किया’ के लिए दिया था ऑडिशन; स्क्रीन टेस्ट में फेल हुए..6 महीने बाद फिल्म से जुड़े

सलमान खान को सही मायनों में प्रसिद्धि मैंने प्यार किया के बाद ही मिली थी। इस फिल्म के बाद उनके लिए इंडस्ट्री के रास्ते पूरी तरह खुल गए थे। 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म में सलमान की एंट्री कैसे हुई, अब एक वीडियो के जरिए पता चल गया है।

इस फिल्म के लिए सलमान का ऑडिशन वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। 22 साल के सलमान इस ऑडिशन टेप में एक गिटार और गुलाब के साथ प्रपोजल सीन करते दिखाई दे रहे हैं।

सलमान के इस अवतार को देख फैंस दंग
सलमान इस ऑडिशन में बेहद दुबले पतले दिखाई दे रहे हैं। अब इस वीडियो के लीक होने के बाद फैंस तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। कुछ यूजर्स सलमान के इस अनसीन लुक पर भी कमेंट कर रहे हैं।

कुछ यूजर्स सलमान के इस लुक को बिल्कुल इनोसेंट तो कुछ का कहना है कि सलमान की आवाज में वो दम नहीं है जो आज के समय में देखा जाता है। वहीं कुछ लोग ताज्जुब कर रहे हैं कि सलमान एक क्यूट लड़के के जैसे दिख रहे हैं, जो अपने में खोया हुआ है, इस फेज से भाईजान बनने तक का सफर कैसे तय किया होगा।

सलमान का फर्स्ट लुक सूरज बड़जात्या को नहीं आया था पसंद
पिंकविला के साथ एक रिसेंट इंटरव्यू में मैंने प्यार किया के डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने कहा कि सलमान का फर्स्ट इम्प्रेशन उन्हें पसंद नहीं आया था। सूरज ने कहा, ‘पहले मुझे लगा कि सलीम खान का लड़का हमारे साथ काम क्यों करना चाहता है।

मैंने उसे मैसेज किया, वो आ गया। वो देखने में छोटा लग रहा था। मैंने कहा कि ये क्या हीरो ऐसे…। लेकिन जब उसने मुझे अपनी तस्वीरें दी तो मैं भौचक्का रह गया। वो बिल्कुल मैजिकल थीं। वो इस सोच में था कि ‘अगर मुझे धोती पहनाएंगे तो मैं मना दूंगा।’ मैंने उसे स्टोरी सुनानी शुरू कर दी थी। साथ ही बीच-बीच में मैं उसकी छोटी हाइट के बारे में सोच रहा था।’

स्क्रीन टेस्ट में रिजेक्ट हुए, 6 महीने बाद फिल्म से जुड़े
सूरज ने खुलासा किया था कि सलमान खान को शुरुआती समय में मैंने प्यार किया के स्क्रीन टेस्ट में रिजेक्ट कर दिया गया था। हालांकि 6 महीने के अंदर उन्हें दोबारा फिल्म के लिए कास्ट कर लिया गया था। इसके पीछे वजह ये थे कि राजश्री प्रोडक्शन उस वक्त घाटे में चल रही थी। कोई भी बड़ा एक्टर राजश्री के साथ काम नहीं करना चाहता था।

बाद में थक हार कर सूरज ने फिर सलमान से संपर्क किया जिसे उन्होंने 6 महीने पहले रिजेक्ट कर दिया था। सलमान फिल्म के लिए ऑन बोर्ड हुए उसके बाद जो हुआ वो इतिहास बन गया।

दोस्त से कपड़े उधार लेकर दिया था ऑडिशन
इस फिल्म के ऑडिशन के लिए सलमान ने दोस्त से कपड़े उधार लिए थे। सलमान के ये दोस्त ‘हैलो ब्रदर’ और ‘प्यार किया तो डरना क्या’ प्रोड्यूस करने वाले फिल्म मेकर बंटी वालिया थे। बंटी वालिया ने कहा था कि ऑडिशन वाले दिन सलमान उनके घर सुबह-सुबह 6 बजे आए और पूरा वार्डरोब खाली कर अपनी कार में रख लिया। उनके मुताबिक, उस दिन वो काफी ज्यादा नर्वस थे, क्योंकि उन्हें पता था ये सलमान के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिन होने वाला है।

बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्म बनी
मैंने प्यार किया को बॉलीवुड के आइकॉनिक फिल्मों में से एक गिना जाता है। रोमांस और शानदार म्यूजिक से भरपूर ये फिल्म 1989 में रिलीज हुई थी। सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में सलमान खान और भाग्य श्री मुख्य भूमिका में थे। फिल्म ने दुनियाभर में 28 करोड़ की कमाई की और ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी।