दिल्ली की तिहाड़ जेल में मंगलवार को गैंगस्टर सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी गई। तिहाड़ के अफसरों ने बताया कि हत्या जितेंद्र गोगी गैंग के योगेश टुंडा, दीपक, राजेश और रियाज खान ने की। टिल्लू हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद था, यहां उस पर नुकीले हथियारों से हमला किया गया।
टिल्लू को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक महीने में तिहाड़ जेल में यह दूसरे गैंगस्टर की हत्या हुई है।
टिल्लू रोहिणी कोर्ट में 24 सितंबर 2021 को हुए शूटआउट में आरोपी था। उसके गैंग के 2 लोगों ने जितेंद्र गोगी की कोर्ट में हत्या कर दी थी। वो वकील की पोशाक में कोर्ट आए थे। दोनों शूटर्स को पुलिस ने कोर्ट में ही मार गिराया था।
टिल्लू ताजपुरिया के तिहाड़ में मर्डर की सिलसिलेवार स्टोरी
जेल सूत्रों के मुताबिक, योगेश टुंडा तिहाड़ में जेल नंबर 8 में बंद था। ये जेल फर्स्ट फ्लोर पर है। टिल्लू ताजपुरिया ग्राउंड फ्लोर पर जेल नंबर 9 में बंद था।
गोगी गैंग के योगेश टुंडा और दूसरे मेंबर्स मंगलवार सुबह 6:15 बजे अपने वार्ड की सिक्योरिटी ग्रिल काटकर बाहर आए। इसके बाद बेडशीट का इस्तेमाल करते हुए ग्राउंड फ्लोर पर कूद गए।
यहां पर टिल्लू को हाई-सिक्योरिटी वार्ड में रखा गया था। गोगी गैंग के सदस्य टिल्लू के वार्ड में लगी ग्रिल को काटकर अंदर घुसे।
जेल अधिकारी ने बताया कि गोगी गैंग ने लोहे के नुकीले हथियारों से टिल्लू पर हमला किया था। टिल्लू को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य रोहित का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।
कॉलेज के दिनों में टिल्लू और गोगी की दोस्ती मशहूर थी
गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र था और श्रद्धानंद कॉलेज से पास आउट था। कॉलेज के दिनों में उसकी और जितेंद्र गोगी की दोस्ती मशहूर थी। दोनों दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव में सीधे कभी नहीं उतरे पर दोनों अपने उम्मीदवार खड़े करते थे।
टिल्लू ताजपुरिया 24 सितंबर 2021 में दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में हुए शूटआउट का मास्टरमाइंड था। कोर्ट में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या के लिए टिल्लू ने ही दोनों शूटरों को ट्रेनिंग दिलाई थी। वकीलों जैसा दिखने, उनके जैसा प्रोफेशनल व्यवहार करने की ट्रेनिंग भी दी गई थी। कोर्ट में हुए शूटऑउट में दोनों शूटर मारे गए थे। इस मामले में पुलिस की तरफ से 111 पेज की चार्जशीट पेश की गई थी।