कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों पर काउंटिंग जारी है। शनिवार को पंजाब की एक लोकसभा, उत्तर प्रदेश की दो, मेघालय और ओडिशा की एक-एक विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव पर भी गिनती चल रही है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका और 544 नगर पंचायत सीटों पर भी काउंटिंग जारी है।
1. पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट
पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर 54.70% वोटिंग हुई थी। कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद यहां उपचुनाव हुए। इस सीट पर कुल 19 उम्मीदवार हैं। AAP से सुशील रिंकू, कांग्रेस से कर्मजीत कौर चौधरी, भाजपा से इंदर इकबाल सिंह अटवाल और अकाली दल-बसपा गठजोड़ से डॉ. सुखविंदर सुक्खी शामिल हैं।
2. उत्तर प्रदेश की स्वार और छानबे सीट
यूपी में रामपुर की स्वार और मिर्जापुर की छानबे सीट पर विधानसभा उपचुनाव पर काउंटिंग जारी है। स्वार में 44.95% तो छानबे में 39.51% वोटिंग हुई है। स्वार सीट आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम की विधानसभा सदस्यता जाने के बाद खाली हुई थी। वहीं, छानबे विधानसभा सीट अपना दल (एस) के विधायक राहुल कोल के निधन के बाद खाली हुई थी।
3. ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट पर BJD आगे ओडिशा में झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर 10 मई को 68.12% वोटिंग हुई है। यह सीट स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास की 29 जनवरी को हुई हत्या के बाद से खाली है। मुकाबला मुख्य रूप से बीजू जनता दल (BJD), भाजपा और कांग्रेस के बीच है। BJD ने दास की बेटी दीपाली दास को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने तंकाधर त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने दिवंगत विधायक बिरेन पांडेय के बेटे तरुण पांडेय को मैदान में उतारा है। यहां से फिलहाल BJD प्रत्याशी दीपाली दास आगे चल रही हैं।
4. मेघालय की सोहियोंग सीट पर UDP आगे
मेघालय में सोहियोंग विधानसभा क्षेत्र में 91.39% वोटिंग हुई है। यहां वोटों की गिनती जारी है। फरवरी-मार्च में हुए विधानसभा चुनाव से पहले UDP के एचडीआर लिंगदोह का निधन हो गया था। वे सोहियोंग सीट से विधायक थे। इसके चलते ही इस सीट पर उप-चुनाव कराया गया। यहां से UDP प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।