31 मई को फ्यूल की कीमतें:कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, पेट्रोल-डीजल के दामों में बदलाव नहीं

महीने के आखिरी दिन यानी आज, 31 मई को भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। आज कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) के दाम में बड़ी गिरावट देखी गई है। इस गिरावट के साथ ये 73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।

एक साल से ज्यादा समय से नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम
आखिरी बार 21 मई 2022 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव किया गया था। तब पेट्रोल पर 8 रुपए और डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर उत्पाद शुल्क घटाया गया था। इससे पेट्रोल और डीजल के दाम 9.5 रुपए और 7 रुपए कम हो गए थे। जुलाई 2022 में, महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर VAT में 5 रुपए और 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की थी।

16 राज्यों में पेट्रोल 100 के ऊपर
देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, तेलंगाना, पंजाब, झारखंड, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए के ऊपर बिक रहा है। वहीं डीजल भी ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 100 रुपए से ऊपर है।

राजस्थान में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल
भारत में सबसे महंगा फ्यूल राजस्थान के श्रीगंगानगर में बिक रहा है। यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत 113.30 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 98.07 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है। वहीं महाराष्ट्र के परभणी में पेट्रोल 109.26 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.66 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं पोर्ट ब्लेयर में सबसे सस्ता पेट्रोल-डीजल बिक रहा है। यहां पेट्रोल की कीमत 84.10 रुपए प्रति लीटर और डीजल का भाव 79.74 रुपए प्रति लीटर है।

कल जारी होंगे गैस सिलेंडर के नए दाम
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। इसके बाद दाम घटाने या बढ़ाने या स्थिर रखने का फैसला लेती हैं। इससे पहले 1 मई को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 171.50 रुपए सस्ता हुआ था। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम वाला) की कीमतों में कोई कटौती नहीं की गई थी। इसके अलावा कल CNG-PNG की कई कीमतें भी आ सकती हैं।