JoSAA 2023 counselling:जोसा काउंसलिंग 19 जून से शुरू, आईआईटी, एनआईटी में 20% सीटों पर लड़कियों को एडमिशन

ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) ने आईआईटी, एनआईटी और अन्य केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों में एडमिशन के लिए उम्मीदवारों की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। काउंसलिंग की तारीखों को ऑफिशियल वेबसाइट josaa.nic.in पर देखा जा सकता है।

काउंसलिंग और च्वॉइस फिलिंग प्रोसेस 19 जून को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। जोसा शेड्यूल जारी होने के बाद जल्द ही एनटीए की तरफ से जेईई एडवांस्ड का रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा।

दो साल के बाद एडमिशन का मौका

अप्रवासी भारतीयों के बच्चों को दो साल की रोक के बाद सभी 114 तकनीकी संस्थानों में एडमिशन का मौका मिल रहा है। सरकार ने अदालत के आदेश के बाद 2021 के अपने नोटिफिकेशन में संशोधन किया है। प्रवासी भारतीयों के बच्चों को वर्ष 2037 तक ही भारतीय छात्रों की सीट पर एडमिशन मिलेगा। इन्हें आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। इस वर्ग में सिर्फ दिव्यांग और लड़कियों को आरक्षित सीट मिलेगी।

पांचवें राउंड तक सीट रखना या छोड़ना जरूरी

सभी 23 आईआईटी में एडमिशन के लिए नियम सख्त किए गए हैं, ताकि एक छात्र की गलती से दूसरा छात्र एडमिशन से वचिंत न रह सके। काउंसलिंग 2023 में दूसरे से पांचवें राउंड तक सीट को रखना या छोड़ना जरूरी होगा। वहीं, एनआईटी, आईआईईएसटी (शिवपुर) , आईआईआईटी, एसपीए और 33 सरकारी वित्त पोषित तकनीकी संस्थानों में काउंसलिंग के दूसरे से छठे राउंड तक सीट छोड़ने का मौका होगा।

20 फीसदी सीटें लड़कियों के लिए

आईआईटी और एनआईटी में 20 फीसदी अतिरिक्त सीटों पर लड़कियों को एडमिशन मिलेगा। इसका मकसद लड़कियों को देश के इंजीनियरिंग संस्थानों से जोड़ना है।

इस साल पांच नए संस्थान जुड़े

जोसा काउंसलिंग 2023 में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर, बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पटना और देबगढ़ का ऑफ कैंपस, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी, तमिलनाडु भी जुड़ गया है।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

  • ऑफिशियल वेबसाइट josaa.nic.in पर जाएं।
  • “जोसा रजिस्ट्रेशन” पर क्लिक करें।
  • सभी जरूरी क्रेडेंशियल्स दर्ज करें।
  • जोसा 2023 च्वॉइस फिलिंग फॉर्म भरें।
  • अब सबमिट ऑप्शन पर क्लिक करें।