हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा कस्बे में लकड़ी के एक कारीगर ने आत्महत्या कर ली है। शव को गांव के स्टेडियम में फंदे पर लटका देख वहां घूमने गए लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से सभी साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान हो गई है। परिजनों को सूचित करके मौके पर बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में ही शव को फंदे से उतारा गया। सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी करके शव को सिविल अस्पताल पानीपत भिजवाया गया, जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में शव को रखवाया गया।
काम भी धीरे-धीरे बंद होता चला गया
जानकारी देते हुए सोनू ने बताया कि वह गांव गढ़ी छाजू का रहने वाला है। मृतक देवेंद्र (40) उसका भाई था, जिसकी पत्नी की मौत करीब 7 साल पहले काला पीलिया से हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद देवेंद्र मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। उसका लकड़ी का बड़ा काम था, जो धीरे-धीरे बंद होता चला गया।
अब वह कभी काम कर लेता था और कभी नहीं करता था। वह बहुत परेशान रहता था। उसका बड़े अस्पतालों से इलाज भी करवाया जा रहा था, लेकिन मानसिक परेशानी ने उसे पूरी तरह जकड़ लिया था। बुधवार सुबह देवेंद्र घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। कुछ देर बाद उसके आत्महत्या किए जाने की खबर मिली। देवेंद्र 3 बेटियों और 1 बेटे का पिता था। सभी बच्चे अभी अविवाहित हैं।