हिसार में महिला से ठगे 1.20 लाख:कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर पैसे हड़पे, स्कॉटलैंड का डॉक्टर बनकर शादी का झांसा देकर फंसाया

हरियाणा के हिसार जिले की 38 वर्षीय महिला के साथ मैट्रिमोनियल साइट पर साइबर फ्रॉड हो गया। महिला के साथ बातचीत करने वाले ने फेक प्रोफाइल बनाकर खुद को NRI डॉक्टर बताया और करीब 1 लाख 20 हजार रुपए कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर ठग लिए। महिला की शिकायत पर हिसार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

खुद को बताया स्कॉटलैंड का डॉक्टर
महिला ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करती है। शादी के लिए उसने कुछ समय पहले मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाया। एक NRI डॉक्टर से बातचीत शुरू हुई। उसने खुद को स्कॉटलैंड के एक हॉस्पिटल का डॉक्टर वियान आशीष बताकर अपना परिचय दिया। उसने गूगल पर चैक किया तो इस नाम का डॉक्टर उस अस्पताल में था।

करीब 10 दिन की बातचीत के दौरान उसने भरोसा जीतने के बाद कहा कि उसने उसके लिए कुछ फूड आइटम भेजे हैं। कलेक्ट कर ले। उसने भारत में घर खरीदने की इच्छा जताते हुए कुछ डॉक्यूमेंट भी भेजे। इसके बाद एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट से कस्टम अधिकारी बताया और कहा कि आपको पार्सल की कस्टम क्लीयरेंस लेनी होगी।

कस्टम क्लीयरेंस के लिए जमा करवाए पैसे
महिला के अनुसार, कस्टम क्लीयरेंस के लिए पहले उन्होंने 30 हजार रुपए मांगे। जब NRI को कॉल की तो उसने कहा कि कस्टम क्लीयरेंस करने के बाद पैसे वापस हो जाएंगे। उसने पेमेंट अदा कर दी, लेकिन इसके बाद उन्होंने 90 हजार रुपए और मांगे। उसने विश्वास करके 90 हजार रुपए भी जमा करवा दिए, लेकिन इसके बाद और पैसों की डिमांड की गई।

महिला के अनुसार, तब उसे शक हुआ कि उसके साथ ऑनलाइन फ्रॉड हुआ। NRI डॉक्टर बनकर बात करने वाले ठग फर्राटेदार अंग्रेजी बोलता था। उसने फेक प्रोफाइल बनाई हुई थी।

एक और महिला से हुई थी 6.85 लाख की ठगी
बता दें कि इससे पहले हिसार की एक महिला लेक्चरर को भी मुंबई एयरपोर्ट से कस्टम अधिकारी बनकर फोन किया गया और UK से पार्सल आने की बात कहकर कस्टम क्लीयरेंस करवाने के लिए कहा। महिला से करीब 6 लाख 85 हजार रुपए की धोखाधड़ी हुई थी।