खालिस्तानी नारे लिखने वाले 2 गिरफ्तार:दिल्ली पुलिस ने बठिंडा से पकड़े; दोनों ने पन्नू से 4 लाख रुपए लिए थे

दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर खालिस्तानी नारे लिखने वाले 2 लोगों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बठिंडा के कोठागुरु गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फरीदकोट के डोड गांव के रहने वाले प्रीतपाल और राजविंदर सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने सिख फॉर जस्टिस चीफ (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के कहने पर मेट्रो स्टेशनों पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे थे। इसके लिए उन्हें करीब 4 लाख रुपए मिले थे।

घटना 26 अगस्त की शाम 8 से 11 बजे के बीच की बताई जाती है। इस घटना के बाद आतंकी पन्नू ने वीडियो जारी कर इसकी जिम्मेवारी ली थी। प्रीतपाल सिंह पंजाब की लोकल फैक्ट्री में काम करता है, जोकि सोशल मीडिया ऐप सिग्नल के जरिए एक साल से पन्नू के संपर्क में था।

पुलिस के मुताबिक, पन्नू ने इस घटना के लिए दोनों को 7 हजार डॉलर देने का वादा किया था, लेकिन उसने सिर्फ 3500 डॉलर ही दिए। इसके अलावा एक लाख रुपए उसने पहले भी प्रीतपाल को भेजे थे, जब उसके घर में कोई बीमार पड़ गया था।

8 मेट्रो स्टेशन पर लिखे थे नारे
दिल्ली के 8 मेट्रो स्टेशनों को निशाना बनाते हुए उनकी दीवारों पर भारत विरोधी नारे लिखे गए थे। साथ ही लिखा गया था कि पंजाब-दिल्ली भारत का हिस्सा नहीं हैं। खालिस्तान समर्थकों ने शिवाजी पार्क, मादीपुर, पश्चिम विहार, उद्योग नगर, महाराजा सूरजमल स्टेडियम, गवर्नमेंट सर्वोदय बाल विद्यालय नांगलोई, पंजाबी बाग और नांगलोई मेट्रो स्टेशन पर यह नारे लिखे थे।