I.N.D.I.A की चौथी मीटिंग दिल्ली में:सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर चर्चा होगी; मुंबई बैठक में कोऑर्डिनेशन और कैंपेन समेत 5 कमेटियां बनाई गईं

विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A) की चौथी बैठक दिल्ली में होगी। मुंबई में 1 सितंबर को हुई तीसरी बैठक के बाद सुप्रिया सुले (राज्यसभा सांसद, शरद पवार गुट) ने ये बात कही। तीसरी में ये भी कहा गया कि अब सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर चर्चा होगी।

मुंबई बैठक में कोऑर्डिनेशन और कैंपेन समेत 5 कमेटियां बनाई गई हैं। वहीं, तीसरी बैठक में लोगो फाइनल नहीं हो सका। कई दलों को एक डिजाइन पसंद आया है, जिसमें सुधार को लेकर कुछ सुझाव दिए गए हैं।

14 सदस्यीय कमेटी में 1 CM, एक डिप्टी CM, दो पूर्व मुख्यमंत्री

विपक्ष की कमेटी में 1 CM, 1 डिप्टी CM, दो पूर्व मुख्यमंत्री, 5 राज्यसभा और 2 लोकसभा सांसदों को जगह दी गई है। इसके अलावा लेफ्ट से दो नेताओं को कमेटी में शामिल किया गया है।

कमेटी में झारखंड के CM हेमंत सोरेन (JMM), बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव (RJD)। जम्मू-कश्मीर से दो पूर्व मुख्यमंत्री- उमर अब्दुल्ला (NC) और महबूबा मुफ्ती (PDP) हैं।

पांच राज्यसभा सांसद हैं- केसी वेणुगोपाल (कांग्रेस), संजय राउत (शिवसेना UBT), शरद पवार (NCP), राघव चड्ढा (AAP) और जावेद अली खान (SP)।

लोकसभा के दो सांसद- ललन सिंह (JDU), अभिषेक बनर्जी (TMC)। डी राजा (CPI) और एक सदस्य CPI (M) से शामिल किया गया है। CPI (M) के सदस्य के नाम की घोषणा नहीं की गई है।

बैठक में 3 प्रस्ताव पास किए गए

  • हम अगले लोकसभा चुनाव जहां तक ​​संभव हो, मिलकर लड़ने का संकल्प लेते हैं। राज्यों में सीट बंटवारे की व्यवस्था तुरंत शुरू की जाएगी।
  • सार्वजनिक चिंता और महत्व के मुद्दों पर देशभर में जल्द से जल्द सार्वजनिक रैलियां करेंगे।
  • अलग-अलग भाषाओं में जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया थीम के साथ पब्लिसिटी और मीडिया स्ट्रैटेजी बनाई जाएगी।

मुंबई बैठक में सिब्बल के आने पर बवाल, फिर समझाइश
मुंबई में I.N.D.I.A बैठक में कपिल सिब्बल के आने पर कांग्रेस नेता नाखुश दिखे। सूत्रों के मुताबिक, सिब्बल को आधिकारिक रूप से न्योता नहीं दिया गया था। फिलहाल सिब्बल ने 2022 में कांग्रेस छोड़ दी थी। सपा के सपोर्ट से वे राज्यसभा मेंबर हैं।

सिब्बल की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने उद्धव से शिकायत की। इसके बाद फारूक अब्दुल्ला और अखिलेश यादव ने बीचबचाव किया, जिसके बाद वेणुगोपाल मान गए। राहुल गांधी ने भी कहा कि सिब्बल के आने पर उन्हें कोई दिक्कत नहीं है।

उद्धव ठाकरे (शिवसेना- यूबीटी)

  • देशभर में हम गठबंधन की रैलियां करेंगे। जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया थीम तय हुई है। कोऑर्डिनेशन कमेटी बनाई गई है। हम सबने तय किया है कि आने वाले चुनाव में तानाशाही, जुमलेबाजों और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेंगे।
  • हमने सुना था- सबका साथ, सबका विकास। चुनाव जीतने के बाद मित्रों को लात और अपना विकास हुआ। हमारी एकता से विरोधियों में घबराहट है। हम मित्र परिवारवाद के खिलाफ लड़ेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे (कांग्रेस अध्यक्ष)

  • सभी का उद्देश्य एक ही है कि मोदी महंगाई के लिए क्या करेंगे, बेरोजगारी के लिए क्या करेंगे। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। मोदी जी 100 रुपए बढ़ाते हैं और 2 रुपए कम करते हैं। एलपीजी के दाम डबल हो गए है, लेकिन उन्होंने 200 कम किए।
  • इनसे लड़ने के लिए इंडिया का जीतना जरूरी है। इंडिया को जिताने के लिए ही हम सब इस मंच पर बैठे हैं। हम हर राज्य की राजधानी में जाएंगे मीटिंग करेंगे। मोदी जी झूठ बोलते हैं, लेकिन लोग उसे सच समझते हैं। हमें ये एक्सपोज करना है।

नीतीश कुमार (बिहार के मुख्यमंत्री)

  • एक बार जब उनसे (पीएम नरेंद्र मोदी) मुक्ति मिलेगी, तब आप प्रेस वाले आजाद हो जाएंगे, तब आपका जो मन करे लिखिएगा। आजकल देख रहे हैं कि वो कोई काम नहीं कर रहे हैं लेकिन उनकी बड़ाई छापी जा रही है
  • ये देश के इतिहास को बदलना चाहते हैं, हम इन्हें इतिहास नहीं बदलने देंगे। सबका उत्थान करेंगे किसी के साथ भेदभाव नहीं होने देंगे। वो चुनाव कभी भी करा सकते हैं, ये जान लीजिए। हम लोगों ने भी इसकी चर्चा की है। तैयारी भी शुरू कर दी है।

अरविंद केजरीवाल (दिल्ली के मुख्यमंत्री)

  • ये जो इंडिया अलायंस है, ये कोई चंद 26-27 पार्टी का अलायंस नहीं है। यह देश के एक सौ चालीस करोड़ लोगों का अलायंस है। मोदी सरकार बेहद भ्रष्ट और अहंकारी सरकार है। विदेश के अखबारों में छप रहा है। एक आदमी (गौतम अडाणी) विदेश में पैसा ले जा रहा है और प्रधानमंत्री मोदी उसकी मदद कर रहे हैं।
  • ये लोग (मोदी सरकार) अपने आप को भगवान से बड़ा समझने लगे हैं। इंडिया अलायंस की ताकत को देखकर अब ये लोग आपस में लड़ाएंगे। रोज खबरें आएंगी कि हमारे यहां ये हो गया, वो हो गया। मैं जिम्मेदारी से कह रहा हूं कि हमारे यहां बहुत अच्छा चल रहा है। यहां कोई किसी पद के लिए नहीं आया है।

लालू प्रसाद यादव (बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री)

  • मुझे काफी प्रसन्नता हुई कि हम अलग-अलग पार्टियों के नेता अलग-अलग बैठे थे। हम एक नहीं थे। उसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा और मोदी ने इसका फायदा उठाया। हम शुरू से ही यह लड़ाई लड़ते रहे कि भाजपा हटाओ, देश बचाओ। देश में माइनॉरिटी सुरक्षित नहीं है।
  • ये लोग झूठ बोलकर सत्ता में आए थे। मेरा और देश के अन्य नेताओं का नाम प्रचारित किया था कि इन लोगों का पैसा स्विस बैंक में है और हम यह पैसा लाएंगे और देश के हर नागरिक के खाते में 15-15 लाख आएगा। हमने भी झांसे में खाता खुलवा लिया। हमारे घर में पत्नी, बच्चों को मिलाकर 11 हो जाते हैं। अब इसे 15 से गुणा कर लीजिए। एक पैसा नहीं आया। सब इन्हीं लोगों का पैसा था।

राहुल गांधी (वायनाड से कांग्रेस सांसद)

  • जो लोग मंच पर हैं, वे देश के 60% लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। अगर हम एकजुट होकर लड़ेंगे तो बीजेपी जीत ही नहीं सकेगी। मुझे लगता है कि यह अलायंस बीजेपी को आसानी से हरा देगा। विकास में गरीबों और किसानों को साथ लेकर चलेंगे। बीजेपी गरीबों से धन छीनकर कुछ चुने हुए लोगों को देती है।
  • अब सीट बंटवारे पर बात होगी। एक कारोबारी और पीएम के बीच साठगांठ है। मोदी जी और अडाणी जी के बीच जो रिश्ता है, उसके बारे में कल बोला था। एक अरब डॉलर पैसा देश से बाहर गया और वापस आया। मोदी जी G20 करा रहे हैं, उन्हें कह देना चाहिए कि इसकी इन्क्वायरी कराएंगे।