किसी खास अवसर के लिए तैयार होते समय जूलरी और मेकअप का सही तालमेल होना जरूरी होता है। यह नहीं कि हैवी जूलरी के साथ आपका मेकअप इतना गाढ़ा हो कि वह बेमेल नजर आए। अवसर, पहनावा और जूलरी के साथ मेकअप का तालमेल आप कैसे बैठाएं, जाने यहां…
1. अगर आप हैवी गोल्ड की पारंपरिक जूलरी पहन रही हैं तो आपका मेकअप लाइट और सोबर होना चाहिए। पारंपरिक जूलरी के साथ तालमेल बैठाने के लिए 60 के दशक का विंग्ड आई मेकअप कर सकती हैं। आंखों को डिफाइन करने (आकर्षक बनाने) के लिए मस्कारा का दो कोट जरूर लगाएं। होंठों का मेकअप नेचुरल रखें।
2. सिंगल कलर की ड्रेस के साथ हैवी कलर्ड स्टोन जूलरी पहननी हो तो उसके साथ स्मोकी आई मेकअप कर सकती है। ग्लैम टच देने के लिए गोल्ड और ग्रीन आई शैडो को मिक्स करके लगा सकती हैं। ब्रॉन्ज़ गोल्ड ब्लशर और कोरल लिपस्टिक से लुक को कंप्लीट करें।
3. कुंदन जूलरी के साथ कलर ऐड करने के लिए आप ग्रीन आई शैडो लगा सकती हैं। इसके साथ ब्रो ब्रोन (भौहों के नीचे हड्डी) पर गोल्डन डस्ट लगा सकती हैं। सौम्य दिखने के लिए पिंक ब्लशर और पिंक लिपस्टिक का प्रयोग करें। आंखों पर गहरा काजल लगाएं।
4. डायमंड जूलरी के साथ माइल्ड ग्रे स्मोकी आई लुक अच्छा लगता है। इसके साथ विंग्ड आई लाइनर और गाढ़ा काजल और मस्कारा बहुत जंचता है। सॉफ्ट लुक देने के लिए पीच ब्लशर के साथ पीच शिमर का इस्तेमाल करें। रोज़ी पिंक लिपस्टिक से लुक को कंप्लीट करें। डार्क ब्राउन ब्रो पेंसिल से भौहों को आकर्षक बनाएं।
5. वेस्टर्न ड्रेस के साथ ब्लैक और व्हाइट पर्ल जूलरी पहनना चाहती हैं तो पलकों पर पर्ली व्हाइट आईशैडो लगाएं। मस्कारा का 2-3 कोट लगाएं। गालों (चिक्स) को हाइलाइट करने के लिए लाइट कोरल ब्लशर और पीच या लाइट ऑरेंज लिपस्टिक लगाएं। पर्ल जूलरी के साथ डीप रेड लिपस्टिक का प्रयोग भी कर सकती हैं।
6. गोल्ड जूलरी के साथ मैटेलिक लुक सूट करता है। इसके लिए पलकों पर गोल्ड आई शैडो लगाएं। मोटा लाइनर लगाने के बाद मस्कारा का दो कोट लगाएं। लाइट कोरल/पीच ब्लशर और ऑरेंजिस टोन वाली लिपस्टिक लगाएं। गोल्ड के साथ वार्म टोंस वाली लिपस्टिक ज्यादा फबती है।