करनाल से एक माह पहले महिला के साथ फरार हुआ युवक का कहीं कोई सुराग नहीं लगा है। महिला अपने घर वापस लौट आई है, लेकिन युवक का अभी कुछ पता नहीं है। युवक के पिता ने पुलिस को शिकायत सौंप महिला के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
दरअसल, करनाल के गांव कलसौरा निवासी राम निवास (21) 22 अगस्त की शाम को गांव की रहने वाली 2 बच्चों की मां के साथ फरार हो गया था। राम निवास की महिला के पति के साथ दोस्ती थी। दोस्त ने ही परिजनों को राम निवास और उसकी पत्नी के लापता होने की सूचना दी थी। महिला 3-4 दिन पहले वापस घर लौट आई है,लेकिन युवक नहीं लौटा।
महिला ने वापस लौट शिकायत सौंपी
गांव कलसौरा निवासी संत लाल ने उसके पास एक बेटा राम निवास और छोटी बेटी है। 22 अगस्त की शाम को काम पर जाने की बात कहकर उसका बेटा घर से लापता हुआ था। उन्हें पता चला था कि गांव की एक महिला भी उसी दिन लापता हो गई थी। अब वापस लौटकर आई तो महिला ने उनके खिलाफ पुलिस चौकी में मारपीट की शिकायत सौंप दी।
धमकी दी थी, तुम्हारा लड़का वापस नहीं आएगा
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाए कि महिला के भाई ने कुछ दिन पहले उसके परिवार को धमकी दी थी कि हमारी लड़की तो अकेली घर आ जाएगी, लेकिन तुम्हारा लड़का वापस कभी घर नहीं आएगा। आरोप लगाया कि महिला ने उसके बेटे को कहीं छोड़ दिया है या उसकी हत्या करा दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब दोनों साथ गए थे तो महिला वापस अकेली लौट आई है, लेकिन उसका बेटा नहीं आया। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।