अंबाला में रिटायर्ड FCI कर्मचारी की मौत:पैदल जाते हुए तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर; 21 अक्टूबर को घर में बेटी की शादी

हरियाणा के अंबाला में भारतीय खाद्य निगम (FCI) से रिटायर्ड कर्मचारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त गांव पतरहेड़ी निवासी याद राम (60) के रूप में हुई है। याद राम 2 साल पहले ही FCI से रिटायर्ड हुए थे। बुधवार शाम को याद राम शहजादपुर-पंचकूला GT रोड से पैदल-पैदल अपने घर की तरफ जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक ने याद राम को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए याद राम को GMCH सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया था,लेकिन बीच रास्ते याद राम ने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, याद राम के बड़ा बेटा अवतार सिंह DRDO में नौकरी करता है। बेटी दिलजीत की 21 अक्टूबर को शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। बुधवार शाम को हुए अचानक हादसे के बाद घर में मातम पसर गया। याद राम के परिजन सदमे में हैं।

बाइक पर तेज रफ्तार में था युवक, सीधी टक्कर मारी
गांव पतरहेड़ी निवासी निखिल कुमार ने बताया कि उसके चाचा याद राम की गांव पतरहेड़ी में ही GT रोड पार दुकान है। वह बुधवार शाम अपने निजी काम से गांव के बस स्टैंड पर विधी चंद सैनी की दुकान पर खड़ा था। इसी बीच, उसका चाचा अपनी दुकान से रोड पार करके अपने घर के लिए सड़क के किनारे जा रहा था। तभी शहजादपुर की तरफ से एक युवक तेज रफ्तार बाइक पर आया और सीधी उसके चाचा याद राम को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका चाचा व बाइक चालक सड़क पर गिर गए।

कान, मुंह और सिर से बह रहा था खून
एक्सीडेंट में चोट लगाने के कारण याद राम के कान, मुंह और सिर से काफी खून बह रहा था। दाहिनी टांग पर काफी चोट थी। बाइक चालक को भी मामूली चोट लगी थी। याद राम का भतीजा निखिल राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए शहजादपुर CHC ले गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसके चाचा को GMCH सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वह तुरंत अपने चाचा को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए, लेकिन बीच रास्ते उसके चाचा की तबीयत बिगड़ गई। वे पंचकूला में पारस अस्पताल ले गए, यहां डॉक्टरों ने उसके चाचा को मृत घोषित कर दिया।

आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

निखिल कुमार ने बताया कि आरोपी बाइक चालक की हालत ठीक है। आरोपी ने अपनी पहचान यमुनानगर के गांव लेदी थाना छछरौली निवासी शिवदत्त बताई। आरोपी की बाइक का नंबर HR71-F-4962 था। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ धारा 279, 304ए के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।