शिलांग से वाराणसी बाइक पर पहुंची CRPF महिला बिटालियन:पूरे प्रदेश में मिशन शक्ति 4.0 का आगाज, CM बोले- महिला थाना क्षेत्र में सेंध लगाई तो खैर नहीं

शारदीय नवरात्र से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह अपने सरकारी आवास से मिशन शक्ति के चाैथे चरण का आगाज किया। सीएम योगी ने फ्लैग ऑफ कर महिला सशक्तिकरण रैली को रवाना किया, ये रैली लखनऊ के विभिन्न चौराहों से होते हुए 1090 चौराहे पर खत्म होगी।

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि सरकार की नियत कभी खराब नहीं होती है। सरकार प्रोग्राम चलाती है लेकिन कई बार उन लोगों को उस योजना के बारे में पता ही नहीं चलता जिसके लिए कार्यक्रम चलाया जाता है। वहीं शिलांग से बाइक पर CRPF महिला बिटालियन बनारस पहुंची और बाइकर्स ने रैली निकाली। महिला बटालियन का पुलिस लाइन पर अधिकारियों ने स्वागत किया।

‘अपराधियों को सजा दिलवाने में UP आगे’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का ये कार्यक्रम पूरे प्रदेश में लोकप्रिय हुआ है। साथ ही अपराध करने वाले लोगों को सजा दिलवाने में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में हैं। सीएम ने कहा कि महिला थाना क्षेत्र में जो भी सेंध लगाने की कोशिश करेगा उससे सख्ती के साथ निपटा जाएगा।

‘जिनके लिए योजना बनती है, उन्हें पता नहीं चलता’

सीएम योगी ने कहा कि सरकार हमेशा जरूरतमंदों को ध्यान में रखकर योजना बनाती है। सरकार की नियत कभी खराब नहीं होती है। लेकिन कई बार उन लोगों को जानकारी ही नहीं होती है, जिनके लिए ये प्रोग्राम बनाया जाता है। इसलिए उनको सही जानकारी सही समय पर देना जरूरी होता है और सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है।

5 केडी से रवाना हुई रैली 1090 चौराहे पर खत्म होगी

महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की पुलिस अधीक्षक रूचिता चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपने सरकारी आवास से महिला सशक्तिकरण रैली को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया है। यह रैली 5 कालीदास मार्ग से रवाना होकर उदादेवी चौराहा, क्लार्क अवध, केजीएमयू चौराहा, कोनेश्चर मंदिर, आई चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए 1090 चौराहे पर समाप्त होगी।

रैली के इन पड़ाव पर संबंधित थाना क्षेत्र की विशिष्ट महिलाएं मौजूद रहेंगी। इस दौरान क्षेत्र की महिलाएं और बेटियां भी मौजूद रहेंगी। सभी को मिशन शक्ति और नारी सशक्तिकरण से जुड़ी सभी योजनाओं के बारे में जानकारी दे रहीं हैं।

पिंक स्कूटी समेत महिला पीआरवी की गाड़ियां हुई शामिल

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रैली में 80 पिंक स्कूटी, 6 फोर व्हीलर, डायल 112 की 20 गाड़ियां (महिला पीआरवी) और एंबुलेंस मौजूद है। रैली में पहला वाहन खुली जिप्सी है, जिस पर 1090 का मैस्कॉट मौजूद रहेगा। यह वाहन पीए सिस्टम (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) से लैस है, जिससे मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित जिंगल प्रसारित किए जाएंगे।