हरियाणा के पानीपत शहर में NH-44 जीटी रोड पर सोमवार दोपहर को बाइक के ट्रक में घुसने से हुए हादसे में युवक के बाद उसकी मौसी और मौसेरी बहन की भी मौत हो गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि उसकी मौसी और मौसी की लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
जिनका इलाज सिवाह बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह दोनों की मौत हो गई। एक साथ तीन मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद से आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार है।
गांव गवालड़ा से वापस लौट रहे थे तीनों
सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में कांता देवी ने बताया कि वह सैनी कॉलोनी की रहने वाली है। उसका बेटा राजकरण (27) सोमवार को बाइक पर सवार होकर अपने मामा के गांव गवालड़ा गया था। जहां से दोपहर को वह अपनी मौसी गीता (42) निवासी धोबी घाट चांद सराय करनाल और उसकी बेटी काजल (17) को बाइक पर बैठा कर वापस पानीपत आ रहा था।
जब वे सिवाह गांव के सामने GT रोड पर फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचे तो उनके आगे तेज गति से चल रहे कैंटर नंबर HR55AK6811 के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे उसके बेटे का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी बहन और भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनकी मंगलवार को मौत हो गई।
शादी की तैयारियों में जुटा था परिवार
युवक राज का 1 माह पहले ही रिश्ता तय हुआ था। अब अगले माह दीवाली पर उसकी शादी होनी थी। घर के सभी सदस्य तैयारियों में जुटे हुए थे। युवक ने खुद अपना घर बनवाया, लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। युवक की शादी के लिए घर परिवार तैयारियों में जुटा हुआ था।