पहले दिन गणपत ने कमाए मात्र 2.50 करोड़:दूसरे दिन 50% गिरा लियो का कलेक्शन, यारियां-2 को मिली 60 लाख की ओपनिंग

शुक्रवार को बॉलीवुड में दो फिल्में रिलीज हुईं। एक ओर टाइगर श्रॉफ, कृति सेनन और अमिताभ बच्चन स्टारर गणपत तो वहीं दूसरी तरफ दिव्या खोसला, मीजान जाफरी और पर्ल वी पुरी स्टारर यारियां-2। हालांकि, दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाईं।

टाइगर के करियर की लाेएस्ट ओपनर बनी
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk की मानें तो फिल्म गणपत को मात्र 2.5 करोड़ रुपए की ओपनिंग मिली। शुक्रवार को इसकी ऑक्यूपेंसी 9.72% रही।
यह टाइगर के करियर की लाेएस्ट ओपनर बनी। टाइगर के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म वॉर है। इसने 53.35 करोड़ रुपए की ओपनिंग की थी। इसके अलावा बागी 2 ने पहले दिन 25 करोड़ रुपए कमाए थे।

दूसरी तरफ यारियां-2 का फर्स्ट डे कलेक्शन मात्र 60 लाख रुपए रहा। इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक शुक्रवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी मात्र 5.65% रही।

‘टाइगर नागेश्वर राव’ ने कमाए 8 करोड़
गणपत और यारियां-2 से ज्यादा कमाई तो शुक्रवार को रिलीज हुई रवि तेजा स्टारर ‘टाइगर नागेश्वर राव’ ने की। Sacnilk के मुताबिक इस तेलुगु पीरियड एक्शन फिल्म ने ओपनिंग डे पर ऑलओवर इंडिया में 8 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। फिल्म हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज हुई है। पहले दिन इसकी तेलुगु ऑक्यूपेंसी 53.18% रही।

लियो ने दूसरे दिन इंडिया में कमाए 36 करोड़
इसके अलावा साउथ के सुपरस्टार विजय की फिल्म ‘लियो’ रिलीज के दिन ही काॅलीवुड इंडस्ट्री की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बनी। 19 अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर ग्लोबली 145 करोड़ का कलेक्शन किया था। पहले दिन इंडिया में इसने करीबन 64.80 करोड़ रुपए की कमाई की।

हालांकि, दूसरे दिन इस फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखने को मिली। इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक लियो ने शुक्रवार को इंडिया में मात्र 36 करोड़ रुपए की कमाई की। इस तरह देखा जाए तो फिल्म की कमाई में 50% की गिरावट आई है। फिल्म की तमिल ऑक्यूपेंसी 66.85% है।

2023 की सबसे बड़ी ओपनिग वाली इंडियन फिल्म बनी लियो
लियो इस साल वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली इंडियन फिल्म बन गई है। इसने शाहरुख खान की फिल्म जवान के रिकॉर्ड को तोड़ा है। जवान ने पहले दिन 129.1 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।

लगभग 300 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म में विजय ने पार्थी नाम के शख्स का किरदार निभाया है। वहीं संजय दत्त खूंखार गैंगस्टर एंटनी दास के रोल में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है।

काॅलीवुड इंडस्ट्री की सबसे बड़ी ओपनर बनी
इससे पहले ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने कई रिकॉर्ड तोड़े थे। ये फिल्म विजय के करियर की सबसे बड़ी ओपनर भी साबित हुई है। लियो के कलेक्शन से विजय ने अपनी पिछली दो फिल्मों बीस्ट और सरकार के कलेक्शन को भी बीट कर दिया था।