कांग्रेसी नेता अर्जुन राव का अंतिम संस्कार आज:अंतिम दर्शनों के लिए रखा पार्थिव शरीर; 5 दिन पहले बैंकॉक में हार्ट अटैक से हुआ था निधन

हरियाणा के पूर्व सीएम राव बिरेंद्र सिंह के पौत्र एवं कांग्रेसी नेता राव अर्जुन सिंह का पार्थिव शरीर रामपुरा हाउस में रखा गया है। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में रामपुरा हाउस से जुड़े समर्थक और नेता पहुंच रहे है। प्रदेश सरकार में सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल भी अर्जुन राव को श्रद्धाजंलि देने पहुंचे। अंतिम संस्कार सुबह 11 बजे अर्जुन के दादा पूर्व CM राव बिरेंद्र सिंह की समाधि के पास किया जाएगा।

इससे पहले उनकी डेड बॉडी अलसुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची, जहां से रेवाड़ी के गांव रामपुरा लाया गया है। पूर्व सीएम की समाधि स्थल रेवाड़ी शहर के नारनौल रोड पर गौशाला के पास है। अंतिम संस्कार से पूर्व उनके पार्थिव शरीर को सुबह 9 बजे से क्षेत्र के लोगों के दर्शनार्थ रामपुरा हाउस में रखा गया है। यहां बड़ी संख्या में रामपुरा हाउस से जुड़े समर्थक अर्जुन राव के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे हैं। रामपुरा हाउस में खुद केंद्रीय मंत्री और अर्जुन राव के ताऊ राव इंद्रजीत सिंह, पिता राव अजीत सिंह, चाचा पूर्व विधायक यादुवेंद्र सिंह पूरे परिवार के साथ मौजूद है। 19 अक्टूबर को दिल का दौरा पड़ने के कारण अर्जुन राव का बैंकॉक में निधन हो गया था।

केंद्रीय मंत्री के भतीजे अर्जुन
अर्जुन राव केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के भतीजे हैं। अर्जुन के निधन के बाद से ही केंद्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह अपने कार्यक्रम स्थगित कर परिवार के साथ रेवाड़ी पहुंच चुके हैं। अर्जुन राव के अंतिम संस्कार में कांग्रेस के अलावा भाजपा के नेता भी शामिल होंगे। अर्जुन ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत 2019 में अटेली विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर की थी। हालांकि अर्जुन ये चुनाव हार गए थे।

16 अक्टूबर को बैंकॉक गए थे
इस बार भी अर्जुन राव अटेली से ही कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। 15 अक्टूबर को उन्होंने अपने पिता राव अजीत सिंह के साथ अटेली में चुनावी कार्यालय भी खोला था। इसके बाद अगले दिन वे 16 अक्टूबर को बैंकॉक चले गए थे। कांग्रेस के सीनियर लीडर रणदीप सुरजेवाला गुट में होती थी। अर्जुन ने सुरजेवाला के मार्फत ही कांग्रेस पार्टी जॉइन की थी।

दादा कई बार केंद्र में मंत्री रहे
अर्जुन राव के दादा राव बिरेन्द्र सिंह कई बार केंद्र सरकार में मंत्री रहने के साथ कुछ माह तक हरियाणा के मुख्यमंत्री भी रहे। अर्जुन राव के ताऊ राव इन्द्रजीत सिंह फिलहाल केंद्र सरकार में मंत्री और गुरुग्राम से सांसद है। अर्जुन राव के पिता राव अजीत सिंह ने भी लंबी राजनीति की। वे कई बार विधानसभा चुनाव भी लड़े, लेकिन उन्हें जीत नसीब नहीं हुई।

अस्वस्थ होने के कारण अपने पिता की राजनीतिक विरासत को फिलहाल अर्जुन राव संभाल रहे थे। अर्जुन राव ने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली से करने के बाद आगे की पढ़ाई विदेश में की। अर्जुन राव ही अपने परिवार का कारोबार संभाल रहे थे। अर्जुन राव की माता उनके पैतृक गांव रामपुरा की सरपंच रही है।