हरियाणा में अकेली महिलाकर्मी को पुरुष कर्मचारी संग भेजा:बाहर भेजे जाने से लेडी पुलिस में नाराजगी; ADGP बोली- यह गलत, अब नहीं जाएंगी

हरियाणा से बाहर दूसरे राज्यों में ड्यूटी पर जाने वाले महिला पुलिस कर्मियों को बड़ी राहत मिली है। दूसरे राज्यों में पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ होने वाली परेशानी को देखते हुए अब वह अकेले ड्यूटी पर नहीं जाएंगी। उनके साथ एक महिला सहकर्मी की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एंव व्यवस्था आईपीएस ममता सिंह की ओर से इस संबंध में ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। सभी पुलिसकर्मियों के साथ ही जिलों के एसपी को इस ऑर्डर का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है।

इसलिए लिया गया फैसला
इस फैसले की वजह भी आईपीएस ममता सिंह के द्वारा जारी ऑर्डर में दी गई है। ऑर्डर में लिखा है कि विगत दिनों एक मामला पुलिस मुख्यालय और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया है। हरियाणा में एक जिले की पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सरकारी कार्य के लिए दो तीन दिनों के लिए हरियाणा से बाहर दूसरे राज्य में गए थे।

उनके साथ एक अकेली महिला पुलिसकर्मी को नियुक्त कर दिया गया, जिस पर महिला पुलिसकर्मी को अपने आप में पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ असहज महसूस किया गया। ऑर्डर में ममता सिंह ने लिखा है कि पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम के साथ अकेली महिला पुलिसकर्मी को ड्यूटी पर भेजना पूरी तरह से गलत है।