‘कांग्रेस गांधी परिवार का करप्शन सेंटर’:BJP प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र बोले- कांग्रेस सांसद के यहां 200 करोड़ मिले, तो बाकी सांसदों के पास कितने होंगे

झारखंड के कांग्रेस राज्यसभा सांसद धीरज साहू पर BJP हमलावर है। शनिवार को लखनऊ में BJP प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा- कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के यहां IT रेड में 200 करोड़ की नगदी मिली है तो बाकी सांसदों के यहां कितनी धनराशि होगी… यह प्रश्न है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा- भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस पार्टी का नया नाम रख देना चाहिए…यह गांधी परिवार का ‘करप्शन सेंटर’ है।

‘भ्रष्टाचार का पाई-पाई जनता को लौटाना होगा’
भूपेंद्र चौधरी ने कहा- कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान से 200 करोड़ रुपए का पहाड़ निकला है, जिसकी गिनता अभी भी की जा रही है। देश की जनता का पैसा कांग्रेस नेता हजम कर रहे हैं। कांग्रेस और उनके घमंडी साथियों का एक ही काम है… भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और लूट करना। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है कि जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उसका पाई-पाई जनता को लौटाना होगा। यह मोदी की गारंटी है।

‘गठबंधन के नेता लूट-खसोट कर रहे’
उन्होंने कहा- INDIA गठबंधन के नेता लूट-खसोट कर रहे हैं। खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी इन सब मामलों पर मौन धारण किए हैं। ईडी, सीबीआई, आयकर की कार्रवाई में ये एक होकर विरोध करते हैं। धीरज साहू के चुनाव हारने के बाद भी कांग्रेस ने राज्यसभा सदस्य बनाया। हार पर विपक्ष EVM, सरकारी तंत्र और चुनाव प्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।

कांग्रेसियों के भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शन
झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू और उनके करीबियों के यहां से 200 करोड़ से ज्यादा की धनराशि बरामद हुई है। कांग्रेसियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए लखनऊ में भाजपा ने प्रदर्शन किया। BJP महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट, कैसरबाग पर इकट्‌ठा हुए। सड़क पर बैठकर जमकर नारेबाजी की।