IPL 2021 के लिए और भी मजबूत हुई मुंबई इंडियंस, अब ऐसी दिखती है टीम

IPL 2021 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस है, जिसने आइपीएल के 5 खिताब अपने नाम किए हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम आइपीएल 2021 में और भी मजबूत नजर आएगी, क्योंकि चेन्नई में 18 फरवरी को आयोजित हुए इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन के ऑक्शन में टीम ने सात खिलाड़ी खरीदे हैं। मुंबई इंडियंस के क्रिकेट संचालन के निदेशक जहीर खान ने अच्छे खिलाड़ियों पर बोली लगाई।

मुंबई इंडियंस ने इस बार ऑलराउंडर नैथन कुल्टर नाइल, पेसर एडम मिल्ने, लेग स्पिनर पीयूष चावला, ऑलराउंडर जेम्स नीशम, युद्धवीर चरक, मार्को जैनसेन और अर्जुन तेंदुलकर को इस सीजन के लिए खरीदा है। मुंबई इंडियंस के पास पहले से ही कप्तान रोहित शर्मा, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, क्विंटन डिकॉक और ट्रेंट बोल्ट जैसे धुरंधर खिलाड़ी हैं, जो अकेले मैच पलटने का माद्दा रखते हैं। ऐसे में नए खिलाड़ियों के आने से टीम और भी मजबूत दिखाई पड़ रही है।

आपको बता दें, साल 2014 में जब मुंबई इंडियंस ने यूएई में आइपीएल के अपने पांच मुकाबले खेले थे तो एक भी मैच में टीम को जीत नहीं मिली थी, लेकिन 2020 के आइपीएल में मुंबई इंडियंस ने यूएई की उसी सरजमीं पर खिताब जीतकर इतिहास रचा था। रोहित शर्मा को कप्तानी मिलने के बाद मुंबई इंडियंस की किस्मत बदल गई है, क्योंकि पिछले 8 सीजनों में रोहित शर्मा ने मुंबई की टीम को 5 बार चैंपियन बनाने का काम किया है।

IPL 2021 के लिए अब ऐसी है मुंबई इंडियंस की टीम

रोहित शर्मा (कप्तान), किरोन पोलार्ड (उपकप्तान), क्विंटन डिकॉक, सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, सौरभ तिवारी, क्रुणाल पांड्या, राहुल चाहर, अनुकूल रॉय, मोहसिन खान, जयंत यादव, धवल कुलकर्णी, क्रिस लिन, आदित्य तारे, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, अनमोलप्रीत सिंह, नैथन कुल्टर नाइल, एडम मिल्ने, पीयूष चावला, जेम्स नीशाम, युद्धवीर चरक, मार्को जैनसेन और अर्जुन तेंदुलकर।