चापड़ से दोस्त का सिर काटा…धड़ नदी में फेंका:बोला-उसकी बहन से प्यार करता था, मेरी रील पर हंसता था; 2 नाबालिगों के साथ मिलकर मार डाला

”मैं उसकी बहन से प्यार करता था। यह बात मुमताज को पता चल गई थी। उसने एक दिन अपनी बहन को पीट दिया। इसके बाद से वह मेरी बनाई हुई रील सभी को दिखाता और मेरा मजाक उड़ाता था। इसलिए मैंने उसे मार डाला। उसका सिर चापड़ से काटकर अलग किया और धड़ नदी में बहा दिया।”

ऐसा दोस्त की हत्या करने वाले का कबूलनामा है। मामला कुशीनगर जिले का है। यहां 17 दिसंबर को एक युवक की सिर कटी लाश मिली थी। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक जांच के दौरान युवक का सिर मिट्टी से दबा हुआ मिला था। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो नाबालिग हैं।

सबसे पहले एक नजर पूरे मामले पर
मामला जिले के कसया नगर थाना के कोल्हुआ गांव का है। यहां बीते रविवार को बाड़ी नदी से एक युवक की सिर कटी लाश मिली। लाश को लकड़ी के सहारे एक मजबूत रस्सी से बांधा गया था, ताकि वह पानी के ऊपर न आ सके। पहले तो पुलिस ने आशंका जताई कि हत्यारे सिर अपने साथ ले गए होंगे। लेकिन पुलिस ने खून के धब्बों का पीछा किया, तो उन्हें गांव में गन्ने के खेत के पास से युवक का सिर मिट्टी में दबा हुआ मिला।

इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त कराई। युवक ने ब्लू कलर की डेनिम की शर्ट पहनी हुई थी। शरीर पर बहुत मिट्टी लगी थी। वहीं, पास में चप्पल के अलावा कुछ अन्य सामान की बरामदगी हुई।

घर का बड़ा बेटा था मुमताज
सूचना मिलने पर कोल्हुआ गांव के शमशाद और उनका परिवार मौके पर पहुंच गया। उन्होंने शव की पहचान अपने 23 साल के बेटे मुमताज के रूप में की। शमशाद ने पुलिस को बताया कि मुमताज 3 भाइयों और 3 बहनों में सबसे बड़ा था। वो घर से बाहर रहकर सूरत में नौकरी करता था।

परिवार में अभी बस एक लड़की की शादी हुई है। मुमताज दीपावली में सूरत से घर आया था। उसके बाद लौट कर नौकरी पर नहीं गया। घरवालों ने पुलिस को बताया कि रात को मुमताज ने खाना खाया था। इसके बाद करीब 10 बजे उसके फोन में कॉल आई और वो घर से निकल गया। इसके बाद अब हमें उसकी हत्या की खबर मिल रही है।

घरवालों ने किसी से कोई भी दुश्मनी नहीं होने की बात करते हुए पुलिस को अज्ञात के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। मामले के खुलासे के लिए कसया नगर थाने के अलावा सर्विलांस टीम को एक्टिव किया गया।

कॉल रिकॉर्ड से हुआ गांव के युवक पर शक
पूरे मामले में पुलिस ने मुखबिरों के नेटवर्क को एक्टिव किया। इसके साथ ही जिस नंबर से मुमताज को लास्ट कॉल आई थी, उसकी पड़ताल कराई। मामले में गांव के लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान मुमताज का दोस्त मुर्तजा हुसैन का बेटा इसहाक अली लापता मिला।

अंतिम कॉलिंग में इसहाक का ही फोन नंबर था। इसलिए पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। घटना के तीन दिन बाद, बुधवार की दोपहर पुलिस टीम को मुखबिरों ने सटीक सूचना दी। पुलिस को पता चला कि इसहाक अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक से प्रेम नगर चौराहे पर खड़ा है। वह कहीं भागने की फिराक में है। टीम तत्काल घेराबंदी कर इसहाक को गिरफ्तार कर लिया।

मुमताज की बहन से थे संबंध, उसको रास्ते से हटाना था
पुलिस पूछताछ में पहले तो इसहाक कुछ भी बताने से मुकरता रहा। लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसने कहानी की तरह पूरी वारदात के बारे में बता दिया। इसहाक ने कहा, ”मेरा मुमताज की बहन से अफेयर चल रहा था। हम दोनों में संबंध भी थे। यह बात मुमताज को दिवाली के दिन पता चल गई थी। इसलिए वह वापस काम पर नहीं गया। उसने अपनी बहन के साथ मारपीट भी की थी। इसके बाद वो मुझसे भी झगड़ा करने लगा। मैं अपनी प्रेमिका से नहीं मिल पा रहा था। इसलिए उसे रास्ते से हटाने की प्लान कर लिया था।”

हम अच्छे दोस्त थे, साथ में रील बनाते थे
इसहाक ने कहा, ”मैं और मुमताज अच्छे दोस्त थे। हम दोनों ने यूट्यूब चैनल भी खोला था। दोनों लोग साथ में रील और वीडियो बनाते थे। उसके वीडियो हिट होते थे, तो वह सीना चौड़ा कर के घूमता था। लेकिन मेरे वीडियो पर हंसी उड़ाता फिरता था। जब उसे बहन के साथ मेरे संबंधों का पता चल गया था, तब से वो मुझे और जलील करने लगा था।”

दो नाबालिगों के सामने चापड़ से काटा गला
इसहाक ने कहा, ”17 दिसंबर को उसकी हस्ती मिटाने की साजिश कर ली थी। गांव के रहीम (15) और अली (16) ( दोनों के नाम बदले हुए हैं) के साथ मैंने मुमताज की हत्या की साजिश कर ली। रात को उसे फोन किया और कहा कि गन्ने के खेत के पास आओ, तुम्हें कुछ दिखाना है। जैसे ही मुमताज वहां आया। हम तीनों ने उसे पकड़ लिया। पहले चापड़ से उसका गला रेता, इसके बाद सिर को धड़ से अलग कर उसे मिट्टी से दबा दिया। रहीम और अली की मदद से ही मुमताज की बॉडी को नदी में रस्सी के सहारे बांध दिया ताकि किसी को उसका पता न चल सके। लेकिन ऐसा हुआ नहीं।”

मामले का खुलासा करते हुए SP धवल जायसवाल ने कहा, ”निर्मम मुमताज हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो जुवेनाइल हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह में भेजा जा रहा है। जिस हथियार से मुमताज की हत्या की गई। तीनों की निशानदेही पर उसे बरामद कर लिया गया है। प्रेम प्रसंग के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने यह बात कबूल कर ली है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।”