हरियाणा में ठंड का दौर अभी जारी है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने 16 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल में घने कोहरे-कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज, वहीं हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, मेवात, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, यमुनानगर और पंचकूला में इन्ही संभावनाओं को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। सूबे में महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान में सामान्य से 4.5 डिग्री की गिरावट के साथ 2.5 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया। वहीं करनाल में भी अन्य जिलों की अपेक्षा ज्यादा ठंड है।
विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को घर से बेवजह नहीं निकलने की सलाह दी है। खासकर वाहन चालकों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है। सबसे अहम बात यह है कि राज्य में अभी तक तीन हफ्ते बेहद सर्द रिकॉर्ड किए जा चुके हैं।
25 मीटर रिकॉर्ड हुई विजिबिलिटी
पिछले 15 दिनों से राज्य में घने से अतिघना कोहरा छाया हुआ है। सूबे के अधिकांश जिलों में घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 25 मीटर के आसपास दर्ज की गई। हरियाणा में अधिकतर जिले सर्द दिन दर्ज किए गए। मौसम विभाग का कहना है कि 18 जनवरी यानी आज भी अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। उसके बाद की स्थिति आकलन किया जा रहा है। इस बारे में बुधवार को ही जानकारी मिल सकेगी।
ठंड बढ़ने का ये बड़ा कारण
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार सर्द दिनों का टाइम बढ़ा है। इससे पहले सूबे में जनवरी के पहले हफ्ते तक सर्द दिन रिकॉर्ड किए जाते हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि इस समय कोहरे की मोटी चादर है। इस वजह से सर्द दिन दर्ज किए जा रहे हैं। कोहरा छंटने के बाद ही राहत मिल सकती है।
सर्दियों में उत्तर भारत के क्षेत्र में कोहरा आना एक सामान्य घटना है, क्योंकि कोहरे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वातावरण में तापमान कम है, हवा की गति भी काफी कम है, नमी के साथ काफी मात्रा में एरोसोल मौजूद हैं।
तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा
पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय नहीं हो पा रहे। इससे भी मौसम की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। हरियाणा में पिछले 46 दिन से सूखा पड़ा है। बीते एक दिसंबर को बारिश दर्ज की गई थी। फिलहाल अगले एक हफ्ते भी बारिश की संभावना नहीं है। हरियाणा को सर्दी के सितम से फिलहाल राहत के आसार नहीं है।
मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि इस पूरे हफ्ते कड़ाके की ठंड पड़ेगी। न्यूनतम तापमान में फिलहाल बढ़ोतरी नहीं होगी। जितने अभी तापमान दर्ज किए जा रहे हैं, उसमें कोई खास परिवर्तन नहीं आएगा।