उत्तराखंड में बर्फबारी, तमिलनाडु के नीलगिरि में जीरो डिग्री तापमान:MP-राजस्थान समेत 6 राज्यों में आज कोल्ड-डे का अलर्ट; दिल्ली में कोहरे से 18 ट्रेनें लेट

भारत में आधे से ज्यादा राज्य ठंड और घने कोहरे की चपेट में हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर तमिलनाडु और असम से राजस्थान तक इसका असर देखा जा रहा है। गुरुवार (18 जनवरी) को उत्तराखंड के केदारनाथ​​​​​​ धाम में बर्फबारी हुई। बुधवार को चमोली, बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब सहित दूसरे हिस्सों में बर्फबारी के बाद बर्फ की चादर बिछ गई।

हिमाचल प्रदेश के शिमला, रोहड़ू और रंणटाडी में कल अचानक बर्फबारी हुई। इससे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। IMD ने आज हिमाचल के साथ जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शीतलहर चल रही है। यहां आज न्यूनतम तापमान -3°C सेल्सियस दर्ज किया गया।

तमिलनाडु के नीलगिरी में सैंडीनल्ला में आज तापमान 0 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार आइलैंड और लक्षद्वीप में आज हल्की बारिश की संभावना जताई है।

इधर, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में आज कोल्ड-डे की स्थिति रहेगी। इन राज्यों में 22 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका है।

19 राज्यों में कोहरे का अलर्ट है। दिल्ली में कोहरे के कारण लो विजिबिलिटी से आज 18 ट्रेनें लेट और कई फ्लाइट्स लेट रहीं। पंजाब और हरियाणा में भी घना कोहरा छाया रहा। पानीपत और अमृतसर समेत अन्य जगहों पर विजिबिलिटी जीरो से 10 मीटर रही।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की स्थिति
निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के दौरान घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तरी राजस्थान, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घना कोहरा छा सकता है।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में कोल्ड-डे की स्थिति बनी रह सकती है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है। तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार और लक्षद्वीप में हल्की बारिश की संभावना है।