फर्जी हलाल-सर्टिफिकेट के पीछे यूपी के मुस्लिम धर्मगुरु का हाथ:बढ़ सकती हैं मुश्किलें, गिरफ्तार 4 लोगों ने STF को कई सबूत दिए

हलाल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड चेन्नई, जमीयत उलेमा हिंद हलाल ट्रस्ट दिल्ली, हलाल काउंसिल ऑफ इंडिया मुंबई जैसी कंपनियां हलाल प्रमाण पत्र विभिन्न प्रोडक्ट को दे रही थीं। उद्देश्य प्रोडक्ट की ब्रिकी बढ़ाना है। इस पूरे खेल के पीछे यूपी के एक मुस्लिम धर्मगुरु का नाम सामने आ रहा है। STF को कई अहम साक्ष्य मिले हैं। इसको लेकर पिछले दिनों चार गिरफ्तार लोगों ने भी कुछ अहम साक्ष्य दिए हैं। अब यूपी के एक मुस्लिम धर्मगुरु की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। STF ने उस धर्मगुरु की भूमिका के सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।

कंपनी से रकम पहुंचते ही तैयार हो जाता था प्रमाण पत्र
STF की जांच और पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ये लोग खाड़ी देशों में अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए हलाल प्रमाण पत्र जारी करते थे। कंपनियों के पैसे देते ही वह लोग बिना कोई उनके उत्पादों की जांच किए प्रमाण पत्र जारी कर देते थे।

क्योंकि कंपनी को पता होता था कि हलाल प्रमाण पत्र से गल्फ कंट्री और धर्म विशेष के लोग बिना कोई रोक-टोक इनका माल खरीदेंगे। क्योंकि प्रमाण पत्र का नाम एक धर्म की मान्यताओं से जुड़े होने के साथ धर्मगुरुओं का भी नाम जुड़ा होने की चर्चा है।

इससे इस प्रक्रिया से कंपनी और प्रमाण पत्र देने वाली कंपनी दोनों को मोटा मुनाफा हो रहा था। इसके बाद STF ने आरोपी बनाई गई अन्य संस्था के पदाधिकारियों से पूछताछ करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।

STF की जांच में नाम आया सामने
STF सूत्रों के मुताबिक, हजरतगंज थाने में 18 नवंबर 2023 को ऐशबाग निवासी भाजपा के अवध क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार शर्मा ने फर्जी हलाल प्रमाण जारी करने के मामले में FIR दर्ज कराई थी( इसकी 20 नवंबर 2023 को जांच STF को दे दी गई। इस जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। इसमें यह भी पता चला कि इसके पीछे एक धर्म विशेष के लोगों के व्यापार को बढ़ाने के साथ कुछ संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों की मदद करने वालों का भी हाथ है।

इसमें यूपी के एक नामी धर्मगुरु की अहम भूमिका है। इसी बीच सोमवार को हलाल काउंसिल ऑफ इंडिया मुंबई के अध्यक्ष मौलाना हबीब यूसुफ, उपाध्यक्ष मौलाना मुदस्सिर, सचिव मोहम्मद ताहिर जाकिर हुसैन चौहान और कोषाध्यक्ष मोहम्मद अनवर को गिरफ्तार किया गया। STF ने इन चारों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए लखनऊ कार्यालय बुलाया था। जहां सोमवार शाम पूछताछ के बाद अरेस्ट कर लिया। इन लोगों ने पूछताछ में कई बात कबूल की, जिसमें उस धर्मगुरु का नाम फिर चर्चा में आ गया। इसके बाद टीम ने धर्मगुरु की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

बैंक खातों में बड़ी रकम का लेनदेन, विदेशी ट्रांजेक्शन पर नजर
STF ने हलाल प्रकरण से जुड़े आरोपियों के बैंक खाते फ्रीज कराने के साथ उनके सहयोगियों की धरपकड़ में लगी है। साथ ही इनके लेनदेन करने वालों की मंशा का भी पता लगाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यह रकम देश के साथ विदेशी खातों में भी भेजी जा रही थी। जिससे इसका देश विरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल करने की बात सामने आ रही है।

STF के एक अधिकारी के मुताबिक इस पैसे से टेरर फंडिंग से लेकर एक विशेष धर्म के लोगों को लाभ पहुंचाने के बिंदु पर भी जांच की जा रही है। अभी तक करीब 20 कंपनियों के नाम सामने आए हैं, जिसमें यह लोग लेनदेन कर रहे थे।

साबुन से लेकर तेल तक के बन रहे हैं उत्पाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ लोग एक धार्मिक समुदाय को उस उत्पादन के लिए अनुचित रूप से प्रभावित करने के लिए यह प्रमाण पत्र जारी कर रहे हैं। यह लोग शाकाहारी उत्पादों जैसे सौंदर्य प्रसाधन तेल, साबुन, टूथपेस्ट, मधु आदि की बिक्री के लिए हलाल प्रमाण पत्र दिया जा रहा है, जबकि शाकाहारी वस्तुओं पर ऐसे किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं होती है।

साथ ही कंपनी द्वारा एक वर्ग विशेष के माध्यम से प्रचार प्रसार कराया जा रहा है कि ऐसे उत्पाद का प्रयोग न करें, जिसे इनकी कम्पनी द्वारा हलाल प्रमाणपत्र न दिया गया हो। मुकदमा दर्ज कराने वाले शैलेंद्र कुमार शर्मा के इन्हीं आरोपों को आधार बनाकर लखनऊ की हजरतगंज पुलिस ने हलाल सर्टिफिकेट जारी करने वाली 4 कंपनियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इनमें हलाल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड चेन्नई, जमीयत उलेमा हिंद ट्रस्ट दिल्ली, हलाल काउंसिल ऑफ इंडिया मुंबई और जमीयत उलेमा मुंबई शामिल हैं। ये कंपनियां वेज फूड को भी सर्टिफाइड कर रही थीं।

दूसरी तरफ यह मामला तूल पकड़ने पर और हलाल पर यूपी में बैन लगाने पर जमीअत उलमा-ए-हिंद प्रेस रिलीज जारी किया है। जमीअत का कहना है कि उसके पास हलाल को लेकर वैध प्रमाण पत्र है। वाणिज्य मंत्रालय का प्रमाण पत्र है। साथ ही तय नियम के अनुसार हलाल का काम कर रहा है। जमीअत ने कहा कि वो पूरी स्पष्टता और ईमानदारी के साथ हलाल का संचालन कर रहा है।