सोनिया गांधी अब राज्यसभा जाएंगी:नड्डा गुजरात और 1 दिन पहले भाजपा में आए अशोक चह्वाण महाराष्ट्र से राज्यसभा कैंडिडेट

सोनिया गांधी अब लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नॉमिनेशन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूद थे। गांधी परिवार में इंदिरा के बाद सोनिया राज्यसभा जाने वाली दूसरी सदस्य होंगी।

कांग्रेस ने 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए आज दो लिस्ट जारी की। इनमें 7 राज्यों से 10 प्रत्याशी के नाम हैं। राजस्थान से सोनिया गांधी, हिमाचल प्रदेश से अभिषेक मनु सिंघवी, बिहार से डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे का नाम शामिल है।

इसके अलावा कर्नाटक से अजय माकन, डॉ. सैय्यद नसीर हुसैन, जीसी चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश से अशोक सिंह, तेलंगाना से रेणुका चौधरी और एम अनिल कुमार यादव का नाम तय किया है।

इधर, भाजपा ने भी बुधवार को दो लिस्ट जारी की। पहली लिस्ट में 5 नाम- ओडिशा से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर का नाम शामिल है। वैष्णव को ओडिशा में BJD ने समर्थन का ऐलान किया है।

इसके बाद दोपहर में 7 नामों की दूसरी लिस्ट आई। इसमें गुजरात से पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, गोविंदभाई ढोलकिया, मयंकभाई नायक, जशवंतसिंह सलामसिंह परमार का नाम शामिल है। इसके अलावा महाराष्ट्र से 3 नाम शामिल हैं। इनमें एक दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व CM अशोक चव्हाण, मेधा कुलकर्णी और अजित गोलछड़े का नाम शामिल है।

उधर, महाराष्ट्र की NCP ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। अजित पवार की पार्टी ने प्रफुल्ल पटेल को उम्मीदवार बनाया है। हाल ही में कांग्रेस छोड़ कर पार्टी में आए बाबा सिद्दकी को उम्मीदवारी नहीं मिली है।

भाजपा ने अब तक 26 प्रत्याशी घोषित किए
भाजपा ने अब तक 26 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने आज 15 और 11 फरवरी को 14 नामों की घोषणा की थी। इनमें उत्तर प्रदेश से कांग्रेस से भाजपा में आए आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन शामिल हैं।

इसके अलावा हरियाणा से सुभाष बराला, बिहार से धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, बंगाल से सामिक भट्टाचार्य, कर्नाटक से नारायणा कृष्णासा भांडगे और छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह का नाम लिस्ट में शामिल है।

उत्तर प्रदेश से भाजपा के 7 कैंडिडेट का नामांकन
BJP के 7 राज्यसभा कैंडिडेट बुधवार को विधानसभा पहुंचे। सातों ने नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर CM योगी, दोनों डिप्टी CM भी मौजूद रहे। BJP ने सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, अमरपाल मौर्य, चौधरी तेजवीर सिंह, संगीता बलवंत, साधना सिंह, नवीन जैन को राज्यसभा कैंडिडेट बनाया है।

27 फरवरी को राज्यसभा की 56 सीटों पर चुनाव होंगे

राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। चुनाव आयोग इसके लिए 8 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी कर चुका है। 15 फरवरी को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख है। 27 फरवरी को रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।

2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होंगे
2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होने वाले हैं। इसमें 9 केंद्रीय मंत्री हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित 56 नेता अप्रैल में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

जनवरी से जुलाई तक रिटायर होने वाले राज्यसभा सदस्यों के नाम…

जनवरी
दिल्ली- संजय सिंह (AAP), नारायण दास गुप्ता (AAP) और सुशील कुमार गुप्ता (AAP)। पार्टी ने दिल्ली से सुशील गुप्ता की जगह स्वाती मालीवाल को राज्यसभा भेजा है। संजय सिंह, स्वाति मालीवाल और एनडी गुप्ता राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनाव जीत गए।

फरवरी
सिक्किम – हिशे लाचुंगपा (SDF)। भाजपा प्रत्याशी डीटी लेप्चा यहां निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं।

अप्रैल
राजस्थान:
 मनमोहन सिंह (INC), भूपेन्द्र यादव (BJP) ओडिशा: अश्विनी वैष्णव (BJP), प्रशांत नंदा, अमर पटनायक (BJD) उत्तराखंड – अनिल बलूनी (BJP) गुजरात: मनसुख मंडाविया (BJP), परषोत्तम रूपाला (BJP), नारणभाई राठवा (INC), अमी याग्निक (INC) महाराष्ट्र: वी मुरलीधरन (BJP), नारायण राणे (BJP), प्रकाश जावड़ेकर (BJP), कुमार केतकर(INC), वंदना चव्हाण (NCP), अनिल देसाई (शिवसेना- UBT) मध्य प्रदेश: धर्मेंद्र प्रधान (BJP), एल मुरुगन (BJP), अजय प्रताप सिंह (BJP), कैलाश सोनी (BJP), राजमणि पटेल (INC) कर्नाटक: राजीव चन्द्रशेखर (BJP), एल हनुमंथैया (INC), जी सी चन्द्रशेखर (INC), सैयद नासिर हुसैन (INC) तेलंगाना: जोगिनीपल्ली संतोष कुमार (BRS), रविचंद्र वद्दीराजू (BRS), बी लिंगैया यादव (BRS) पश्चिम बंगाल: अबीर रंजन विश्वास (TMC), सुभाशीष चक्रवर्ती (TMC), मोहम्मद नदीमुल हक (TMC), शांतनु सेन (TMC), अभिषेक मनु सिंघवी (INC) बिहार: मनोज कुमार झा (RJD), अहमद अशफाक करीम (RJD), अनिल प्रसाद हेगड़े (JDU), बशिष्ठ नारायण सिंह (JDU), सुशील कुमार मोदी (BJP), अखिलेश प्रसाद सिंह (INC) उत्तर प्रदेश: अनिल अग्रवाल (BJP), अशोक बाजपेयी (BJP), अनिल जैन (BJP), कांता कर्दम (BJP), सकलदीप राजभर (BJP), जीवीएल नरसिम्हा राव (BJP), विजय पाल सिंह तोमर (BJP), सुधांशु त्रिवेदी (BJP) और हरनाथ सिंह यादव (BJP), जया बच्चन (सपा) आंध्र प्रदेश: कनकमेदाला रवींद्र कुमार (TDP), सी एम रमेश (BJP), प्रभाकर रेड्डी वेमिरेड्डी (YSRCP) छत्तीसगढ़: सरोज पांडे (BJP) हरियाणा: डी पी वत्स (BJP)

मई
झारखंड- समीर ओरांव (BJP), धीरज प्रसाद साहू (INC)

जुलाई
केरल- एलामाराम करीम (CPI-M), बिनॉय विश्वम (CPI), जोस के मणि KC (M)

मई तक नड्‌डा और मनमोहन सिंह समेत 58 सदस्य रिटायर हो रहे
लोकसभा चुनाव से पहले इस साल मई तक राज्यसभा के 58 सदस्य रिटायर हो रहे हैं। इनमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमेाहन सिंह के अलावा 8 केंद्रीय मंत्री शामिल हैं।

रिटायर होने वालों में भाजपा के 28, कांग्रेस के 11, तृणमूल कांग्रेस के 4, भारत राष्ट्र समिति के 4, बीजू जनता दल, राष्ट्रीय जनता दल और जनता दल (यूनाइटेड) के दो-दो सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा YSRCP, शिवसेना, NCP, तेलुगु देशम पार्टी और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के एक-एक मेंबर शामिल हैं।