अवैध संबंध का शक…मिर्जापुर में गला काटकर युवक की हत्या:पत्नी से बोलकर निकला हत्यारा- तेरा गुरूर तोड़ूंगा; प्रेमी को घर से बुलाया, चलती बाइक पर पीछे से गला रेत दिया

मिर्जापुर में प्रेम-प्रसंग में युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। आरोपी को शक था कि उसका पत्नी के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर उसने पत्नी से झगड़ा किया। उससे बोला कि तेरा गुरूर तोड़ूंगा। इसके बाद वह सीधे प्रेमी के घर पहुंचा।

युवक को बहलाया और उसे मार्केट साथ चलने के लिए राजी किया। दोनों बाजार के लिए निकले। प्रेमी बाइक चला रहा था और आरोपी पीछे बैठा था। रास्ते में सुनसान जगह देखकर चलती बाइक पर ही उसने युवक का गला रेत दिया। उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पूरी घटना गैपुरा थाना क्षेत्र के कसधना गांव की है।

रिश्तेदारी में घर पर आना-जाना था
मृतक युवक का नाम आशीष बिंद है। आशीष आरोपी सच्चन बिंद का रिश्तेदार था। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना होता था। 9 महीने पहले आशीष की शादी हुई थी। इसमें सच्चन की पत्नी भी शामिल हुई थी। इसी बीच दोनों के बीच जान-पहचान हो गई। इसके बाद आशीष अक्सर आरोपी के घर पहुंच जाता था और उसकी पत्नी से बात करता था।

दोनों के बीच फोन पर भी बातचीत होने लगी थी। यह बातें सच्चन को खटकने लगीं। उसे लगा कि दोनों का अफेयर चल रहा है। इसके बाद सच्चन ने आशीष को रास्ते से हटाने की ठान ली। इसी बात को लेकर बुधवार शाम सच्चन और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हो गया।

यह लड़ाई इतनी बढ़ गई कि आस पास के लोग भी समझाने पहुंच गए। मगर सच्चन नहीं माना और पत्नी को घर से निकाल दिया। फिर गुस्से में बोला कि तेरा गुरूर एक दिन जरूर तोड़ूंगा। इसके बाद वह घर से 15 किमी दूर आशीष के घर पहुंचा। यहां रिश्तेदारों ने उसका स्वागत किया। फिर सच्चन ने नॉनवेज खाने की इच्छा जताई और आशीष से कहा कि चलो बाजार से लेकर आते हैं। आशीष भी राजी हो गया।

उसने कहा कि आशीष तुम बाइक चलाओ, मैं पीछे बैठूंगा। वह दोनों घर से निकले को थोड़ा अंधेरा हो गया था। रास्ते में सुनसान जगह देखकर सच्चन ने चलती बाइक पर बैठे-बैठे ही गला रेत दिया। उसकी तड़प-तड़प कर मौके पर मौत हो गई। फिर वहां से वह पैदल ही फरार हो गया।

सुबह आशीष के चाचा ने देखी लाश
इधर, बुधवार रात आशीष घर नहीं पहुंचा तो परिवार वाले परेशान हो गए। तब उन्हें लगा कि सच्चन भी साथ है। कहीं दोनों उसके घर चले गए गए होंगे। परिवार वाले उस रात सो गए। सुबह आशीष के चाचा जब दूध के लिए निकले, तो खेत के पास आशीष की बाइक गिरी मिली।

वे घबरा गए और फिर खेत की तरफ देखे तो आशीष गिरा पड़ा था और उसकी गर्दन कटी हुई थी। यह देखकर वे चिल्लाने लगे। उनकी आवाज पर परिवार और गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। फिर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद, पुलिस ने सच्चन के घरवालों से संपर्क किया, तो पता चला कि वह रात से गायब है।