PM मोदी ने असम के काजीरंगा में जंगल सफारी की:हाथी पर नेशनल पार्क घूमे, फिर जीप पर बैठकर जानवरों की तस्वीरें खींचीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम दौरे के दूसरे दिन शनिवार सुबह काजीरंगा नेशनल पार्क पहुंचे। उन्होंने सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हाथी पर बैठकर जंगल सफारी की। इसके बाद जीप से नेशनल पार्क का भ्रमण भी किया। इस दौरान उनके साथ पार्क डायरेक्टर सोनाली घोष और सीनियर फॉरेस्ट ऑफिसर भी थे।

मोदी ने जंगल सफारी के दौरान जानवारों की तस्वीरें खींचीं। उन्होंने हाथी को गन्ना भी खिलाया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मोदी ने इनकी तस्वीरें पोस्ट की और लिखा- यह एक ऐसी जगह है जहां की हर यात्रा आत्मा तृप्त कर देती है। यह आपको असम के दिल से गहराई से जोड़ता है।​​​ इस नेशनल पार्क में सबको आना चाहिए।

PM मोदी नॉर्थ-ईस्ट राज्य असम और अरुणाचल प्रदेश के 2 दिन के दौरे पर हैं। वे शुक्रवार की शाम असम के तेजपुर पहुंचे थे। रात में काजीरंगा नेशनल पार्क के गेस्ट हाउस में रुके थे। काजीरंगा को 1974 में नेशनल पार्क का दर्जा मिला था। इस साल काजीरंगा इस उपलब्धि की गोल्डन जुबली मना रहा है। काजीरंगा को 1985 में वर्ल्ड हेरिटेज साइट घोषित किया गया था।

काजीरंगा नेशनल पार्क की खासियतें…
काजीरंगा नेशनल पार्क 430 स्क्वायर किलोमीटर में फैला हुआ है। इस नेशनल पार्क में 1000 से ज्यादा जानवर अलग-अलग प्रजातियों के हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां, 2200 से ज्यादा एक सींग वाले गेंडे हैं।
इसके अलावा यहां 180 से बंगाल टाइगर्स भी रहते हैं। साल 2006 में काजीरंगा को टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था। यह पार्क केवल नवंबर से अप्रैल तक ही टूरिस्ट के लिए खुलता है। मई से अक्टूबर तक बंद कर दिया जाता है।