रेवाड़ी-गुरुग्राम से चंडीगढ़ पहुंचना आसान:अजमेर-दिल्ली वंदेभारत ट्रेन सुविधा 14 मार्च से शुरू; बुधवार को छोड़कर रोजाना चलेगी

हरियाणा के रेवाड़ी-गुरुग्राम के रास्ते चलने वाली अजमेर-दिल्ली सराय-अजमेर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का 14 मार्च से चंडीगढ़ तक विस्तार किया गया है। इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के चंडीगढ़ तक विस्तार की मांग काफी पुरानी थी। कुछ समय पहले रेलवे ने इसे चंडीगढ़ तक चलाने का फैसला लिया था।

हालांकि, सुविधा अब 14 मार्च से शुरू हो रही है। इससे गुरुग्राम-दिल्ली होकर चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा होगा।

ट्रेन का ये रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार, गाड़ी संख्या 20977, अजमेर-चंडीगढ़ वंदे भारत सुपरफास्ट (बुधवार को छोड़कर) ट्रेन 14 मार्च से अजमेर से 6.20 बजे रवाना होकर दिल्ली कैंट पर 11.30 बजे आगमन और 11.40 बजे प्रस्थान कर 14.45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20978, चंडीगढ़-अजमेर वंदे भारत सुपरफास्ट (बुधवार को छोड़कर) 14 मार्च से चंडीगढ़ से 15.15 बजे रवाना होकर दिल्ली कैंट स्टेशन पर 18.23 बजे आगमन और 18.33 बजे प्रस्थान कर 23.55 बजे अजमेर पहुंचेगी।