हैदराबाद-मुंबई ने खेला रिकॉर्डतोड़ मुकाबला:IPL का सबसे बड़ा स्कोर SRH के नाम, टी-20 मैच में पहली बार बने 520+ रन; 38 सिक्स लगे

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने इतिहास रचा और 20 ओवर में 277 रन बना दिए। IPL के 17 साल में इससे पहले इतना बड़ा स्कोर कभी नहीं बना था। हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2013 में 263 रन बनाए थे।

278 रन के टारगेट के सामने मुंबई इंडियंस भी नहीं बिखरी, टीम ने 20 ओवर में 246 रन बना दिए। यह दूसरी पारी में IPL का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले 2020 में राजस्थान ने 226 रन बनाए थे। मैच में कुल 523 रन बने, जो प्रोफेशनल टी-20 क्रिकेट में पहली बार ही हुआ।

प्लेयर ऑफ द मैच रहे अभिषेक शर्मा ने SRH के लिए फास्टेस्ट फिफ्टी के रिकॉर्ड को आधे घंटे के अंदर ही तोड़ दिया।

1. अभिषेक शर्मा ने लगाई SRH के लिए फास्टेस्ट फिफ्टी
SRH के बैटर अभिषेक शर्मा ने टीम के लिए 16 गेंद में फिफ्टी लगाई। यह SRH के लिए IPL में किसी भी बैटर की फास्टेस्ट हाफ सेंचुरी है। अभिषेक से पहले इसी मैच में ट्रैविस हेड ने 18 गेंद में 50 रन बनाकर डेविड वॉर्नर का 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। हालांकि, आधे घंटे से भी कम समय में अभिषेक ने हेड का रिकॉर्ड तोड़ा और SRH के लिए नया रिकॉर्ड बना दिया।

2. पावरप्ले में हेड SRH के लिए दूसरे टॉप स्कोरर
SRH के लिए एक इनिंग के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ट्रैविस हेड दूसरे नंबर पर आ गए। उन्होंने 59 रन बनाए और अपने ऑस्ट्रेलियाई साथी डेविड वॉर्नर के साथ दूसरे नंबर पर आ गए। पहले नंबर पर भी वॉर्नर ही हैं, जिन्होंने 2017 में कोलकाता के खिलाफ पावरप्ले में 62 रन बनाए थे। टी-20 मैच में पावरप्ले यानी एक से 6 ओवर का खेल।

3. SRH ने IPL के पहले 10 ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाए
SRH ने IPL इतिहास के पहले 10 ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया। टीम ने शुरुआती 60 गेंदों पर 148 रन बनाए। टीम ने मुंबई इंडियंस का उनके खिलाफ बनाया रिकॉर्ड भी तोड़ा। साल 2021 में अबू धाबी में MI ने SRH के खिलाफ ही 131 रन बनाए थे।

हालांकि, इस मैच में MI ने फिर यह रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश की, लेकिन टीम नाकाम रही। मुंबई ने दूसरी पारी में विस्फोटक शुरुआत की और 10 ओवर में 141 रन बना दिए। टीम रिकॉर्ड तोड़ने से महज 8 रन दूर रही और रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर आ गई।

4. SRH ने बनाया IPL का सबसे बड़ा स्कोर
SRH ने IPL का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। यह रिकॉर्ड 11 साल बाद टूटा। टीम ने 20 ओवर में 277 रन बनाए। इससे पहले साल 2013 में RCB ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 263 रन बनाए थे। इसमें क्रिस गेल ने 175 रन की नाबाद पारी खेली थी। गेल का IPL की एक इनिंग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड आज भी कायम है।
5. क्लासन-मार्करम ने चौथे विकेट की SRH के लिए सबसे बड़ी साझेदारी
हेनरिक क्लासन और ऐडन मार्करम की साउथ अफ्रीकी जोड़ी ने SRH के लिए खेलते हुए चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की। दोनों ने नाबाद 116 रन जोड़े। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोइसेज हेनरिक्स और युवराज सिंह के नाम था। SRH के लिए खेलते हुए साल 2017 में दोनों ने नाबाद 93 रन की साझेदारी की थी।

6. क्वेना मफाका ने किया IPL में तीसरा सबसे महंगा स्पेल
मुंबई के लिए डेब्यू करने वाले 17 साल के साउथ अफ्रीकी पेसर क्वेना मफाका ने 4 ओवर में 66 रन लुटाए। यह मुंबई के लिए IPL इतिहास में सबसे महंगी बॉलिंग रही। ओवरऑल एक पारी में वह तीसरे सबसे महंगे बॉलर बन गए। उनसे ज्यादा रन SRH के ही बसिल थंपी ने दिए, जिनके खिलाफ 2017 में RCB ने 70 रन बनाए थे।

मफाका का स्पेल (0/66) IPL डेब्यू में सबसे महंगा रहा। उनसे पहले साल 2013 में मोहाली में पंजाब किंग्स के लिए माइकल नेसर के डेब्यू मैच में 62 रन दिए थे। यह स्पेल RCB के खिलाफ आया था।