केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP नेताओं का सामूहिक उपवास:जंतर-मंतर पर जुटे दिल्ली के मंत्री; भाजपा ने केजरीवाल के भ्रष्टाचार का मॉडल दिखाया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) नेताओं ने रविवार को देशभर में सामूहिक उपवास शुरू किया। पार्टी के बड़े नेता दिल्ली के जंतर-मंतर पर सुबह उपवास के लिए पहुंचे।

आम आदमी पार्टी की मांग है कि शराब नीति घोटाले में 21 मार्च को गिरफ्तार हुए केजरीवाल को तुरंत रिहा किया जाए। उन्हें ED ने झूठे मुकदमे में फंसाया है। पार्टी ने X पर पोस्ट में कहा- तानाशाही के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। आओ मिलकर देश के बेटे के लिए आवाज उठाएं।

इससे पहले AAP ने 26 मार्च को भी देशभर में प्रदर्शन किया था। दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ता पीएम आवास का घेराव करने भी निकले थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोककर पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी नेताओं ने ‘शराब से शीश महल’ अभियान के तहत AAP के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने केजरीवाल के घर का मॉडल रखा और कहा कि ये दिल्ली के CM के भ्रष्टाचार का मॉडल है। इसके अलावा पार्टी ने शराब के बोतल के एक कटआउट पर संजय सिंह की तस्वीर दिखाकर प्रदर्शन किया।

पश्चिम बंगाल में AAP कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की खिलाफ रखा उपवास खत्म किया। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ उपवास शाम 6 बजे समाप्त हो गया है।

AAP के बंगाल चीफ पार्टी प्रवक्ता अरनब मैत्रा ने कहा कि हम आज अरविंद केजरीवाल जी और अन्य नेताओं की अलोकतांत्रिक गिरफ्तारी पर पूरे दिन उपवास के माध्यम से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके जरिए हम केजरीवाल जी के लिए भगवान से आशीर्वाद मांग रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल जी भाजपा की दुर्निती के खिलाफ लगातार लड़ रहे हैं। केजरीवाल जी वो व्यक्ति हैं, जिन्होंने भारतीय राजनीति को एक नई और अच्छी दिशा में मोड़ा है।

उनको भाजपा ने बिना किसी ठोस सबूत के सलाखों के पीछे डाल दिया है। बस कुछ बयानों के बल पर एक चुने हुए लोकप्रिय मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह घटना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ्तार करने का असली मक्सद है कि उन्हें लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना। इस फासीवादी सरकार के विरुद्ध हमारा विरोध और संघर्ष जारी रहेगा।