RCB 16 ओवर में 200 चेज करने वाली पहली टीम:जैक्स की 41 बॉल पर सेंचुरी, राशिद ने फेंका 29 रन का ओवर; रिकॉर्ड्स

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रविवार को 2 मैच खेले गए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पहले मैच में गुजरात टाइटंस को 9 विकेट से हराया। टीम 16 ओवर में 200 रन का टारगेट चेज करने वाली पहली IPL टीम बनी। टीम के विल जैक्स ने 41 बॉल पर सेंचुरी लगाई, उन्होंने अपने आखिरी 50 रन महज 10 बॉल में बना दिए।

गुजरात के राशिद खान ने 29 रन का ओवर फेंका, यह उनके IPL करियर का सबसे महंगा ओवर रहा। विराट कोहली ने रन चेज में 70 रन बनाए, वह IPL रन चेज में 3500 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले ही प्लेयर बने।

1. RCB 16 ओवर में 200 चेज करने वाली पहली टीम
रविवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 16 ओवर में एक ही विकेट के नुकसान पर टारगेट चेज कर लिया। IPL में यह सबसे कम गेंदों पर 200 या उससे ज्यादा रन का टारगेट चेज रहा। इससे पहले MI ने RCB के ही खिलाफ 16.3 ओवर में 200 से ज्यादा रन चेज किए थे।

2. राशिद ने फेंका अपना सबसे महंगा ओवर
राशिद खान ने दूसरी पारी के 16वें ओवर में 29 रन दिए। इस ओवर में विराट कोहली ने पहली बॉल पर एक रन बनाया, वहीं विल जैक्स ने 4 छक्के और एक चौका लगाकर ओवर से 29 रन बटोर लिए। राशिद के IPL करियर का यह सबसे महंगा ओवर रहा, इससे पहले 2018 में पंजाब के खिलाफ उन्होंने 27 रन दिए थे।

3. जैक्स ने आखिरी फिफ्टी 10 बॉल में लगाई
विल जैक्स ने RCB के लिए 41 बॉल में सेंचुरी लगाई। उन्होंने 31 बॉल पर फिफ्टी लगाई और फिर आखिरी 50 रन महज 10 बॉल में पूरे कर लिए। इस दौरान उन्होंने मोहित शर्मा और राशिद खान के खिलाफ आखिरी 12 बॉल पर 56 रन बटोरे। जैक्स से पहले बेंगलुरु के लिए क्रिस गेल ने 2013 में 17 बॉल पर फिफ्टी लगाने के बाद आखिरी 50 रन 13 ही बॉल पर बना दिए थे।

4. RCB ने घर के बाहर चेज किया सबसे बड़ा टारगेट
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL में दूसरी ही बार 200 से ज्यादा रन का टारगेट चेज किया। घर से बाहर टीम ने पहली बार ऐसा किया। इससे पहले हैदराबाद में टीम ने 187 रन 2023 में चेज किए थे। बेंगलुरु का सबसे बड़ा चेज 2010 में पंजाब के खिलाफ होमग्राउंड पर था, तब टीम ने 204 रन बनाए थे।

5. RCB से 9वीं बार हुई 150+ रन की पार्टनरशिप
RCB से विल जैक्स और विराट कोहली ने 166 रन की पार्टनरशिप की। टीम से 9वीं बार IPL में 150 से ज्यादा रन की पार्टनरशिप हुई, इनमें 8वीं बार विराट कोहली शामिल रहे। RCB के बाद CSK से 5 बार 150 से ज्यादा रन की पार्टनरशिप हुई है।

6. गुजरात के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी हुई
विराट और जैक्स की पार्टनरशिप गुजरात के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रही। दोनों ने 166 रन जोड़े। इससे पहले इसी साल राजस्थान के संजू सैमसन और रियान पराग ने 130 रन की पार्टनरशिप की थी।

7. कोहली रन चेज में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय
विराट कोहली ने गुजरात के खिलाफ रन चेज में 70 रन की नॉटआउट पारी खेली। यह रन चेज में उनका 24वां 50 या उससे ज्यादा रन का स्कोर रहा। वह IPL चेज में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले भारतीय बने। उन्होंने शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 23 बार रन चेज में 50+ स्कोर बनाए हैं।

8. रन चेज में जैक्स ने लगाई तीसरी फास्टेस्ट सेंचुरी
विल जैक्स ने रन चेज में महज 41 बॉल पर सेंचुरी लगा दी। IPL में दूसरी पारी के दौरान यह तीसरी सबसे तेज सेंचुरी रही। उनसे पहले 2010 में युसुफ पठान ने 37 और 2013 में डेविड मिलर ने 38 बॉल पर शतक लगाया था।

9. विराट ने 7वीं बार सीजन में 500 रन बनाए
विराट कोहली IPL के 17वें सीजन में 500 रन का आंकड़ा छू चुके हैं। वह IPL सीजन में 7 बार 500 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय बने। उनके अलावा केएल राहुल 5 बार एक सीजन में 500 या उससे ज्यादा रन बना चुके हैं। विदेशी प्लेयर्स में डेविड वॉर्नर ने भी 7 बार 500 प्लस रन बनाए हैं।