कर्नाटक सेक्स स्कैंडल केस:भाजपा नेता का दावा- प्रज्वल के वीडियो डिप्टी CM ने वायरल किए, कुमारस्वामी को फंसाने के लिए 100 करोड़ का ऑफर था

कर्नाटक सेक्स स्कैंडल केस में भाजपा नेता देवराजे गौड़ा ने कर्नाटक के डिप्टी CM शिवकुमार समेत 4 मंत्रियों पर हासन सांसद प्रज्जवल रेवन्ना के वीडियो वायरल करने के आरोप लगाए हैं।

मामले में गिरफ्तार देवराजे ने कहा- डिप्टी CM शिवकुमार, कृषि मंत्री चालुवरायस्वामी, राजस्व मंत्री कृष्णा गौड़ा और पंचायत राज मंत्री प्रियांक खड़गे पेन ड्राइव लीक करने की साजिश में शामिल हैं।

देवराजे ने कहा- डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने मुझे इस केस के जरिए PM, भाजपा और JDS नेता कुमारस्वामी की इमेज खराब करने के लिए कहा था। उन्होंने मुझे 100 करोड़ रुपए ऑफर किए थे।

देवराजे ने कहा- शिवकुमार ने मुझे कहा था कि कुमारस्वामी पर वीडियो वायरल करने के आरोप लगा दो। तुम्हें कुछ नहीं होगा। हम तुम्हें बचा लेंगे। मैंने ऑफर ठुकराया, इसलिए मुझे ही फंसाया गया।

भाजपा नेता देवराजे को यौन उत्पीड़न केस में 10 मई की देर रात को गिरफ्तार किया गया था। उनकी कस्टडी पूरी होने के बाद शुक्रवार को उन्हें हासन की जेल में शिफ्ट किया गया।

देवराजे ने प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना के खिलाफ होलेनरसीपुर सीट से 2023 में विधानसभा चुनाव लड़ा था। प्रज्वल हासन से JDS के सांसद हैं, पार्टी ने उन्हें दोबारा यहां से टिकट दिया है।

देवराजे ने भाजपा के कर्नाटक अध्यक्ष का चिट्‌ठी लिखकर सचेत किया था कि हासन सांसद प्रज्वल रेवन्ना ने कई महिलाओं का यौन शोषण किया है। ऐसे में उन्हें लोकसभा चुनाव में सपोर्ट न करें।

क्या है कर्नाटक सेक्स स्कैंडल

  • कर्नाटक के पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना और उनके बेटे प्रज्वल रेवन्ना पर उनके घर में काम करने वाली महिला ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। इसके बाद 26 अप्रैल को बेंगलुरु में पब्लिक प्लेसेस में कई पेन ड्राइव मिली।
  • दावा किया गया कि पेन ड्राइव में 3 हजार से 5 हजार वीडियो हैं, जिसमें प्रज्वल को कई महिलाओं के साथ हुए यौन उत्पीड़न करते देखा गया। महिलाओं के चेहरे भी ब्लर नहीं किए गए।
  • देवराजे गौड़ा पर इन्हीं वीडियो को लीक करने का आरोप है। हालांकि, इन आरोपों को उन्होंने खारिज कर दिया था। कर्नाटक सरकार की बनाई SIT इसकी जांच कर रही है।
  • SIT ने प्रज्वल के खिलाफ रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोपों समेत तीन FIR दर्ज की है। प्रज्वल फिलहाल फरार हैं और इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है।

देवराज ने BJP लीडरशिप को क्या बताया था…
जी. देवराजे गौड़ा ने 8 दिसबंर 2023 को ‌BJP के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र को पत्र लिखा था। इसमें प्रज्वल और उनके परिवार के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे। उनका दावा था कि 2976 वीडियो वाली एक पेन ड्राइव है, जिसकी फुटेज में दिख रहीं कुछ महिलाएं सरकारी अधिकारी थीं। इन वीडियो का इस्तेमाल महिलाओं को यौन गतिविधियों में शामिल रहने के लिए ब्लैकमेल करने के लिए हो रहा था।

देवराजे गौड़ा ने दावा किया था कि ये पेन ड्राइव कांग्रेस नेताओं के पास पहुंच गई थी। उन्होंने लिखा था- अगर हासन लोकसभा सीट से JDS उम्मीदवार को नॉमिनेट करते हैं तो विपक्ष इन वीडियो को ब्रह्मास्त्र के रूप में इस्तेमाल कर सकता है। साथ ही हम एक ऐसी पार्टी के तौर पर कलंकित होंगे, जो दुष्कर्म करने वाले परिवार के साथ जुड़ी है।

वीडियो सामने आने की एक कहानी ये भी

  • प्रज्वल रेवन्ना के पूर्व कार ड्राइवर कार्तिक और भाजपा नेता जी देवराज गौड़ा ने एक-दूसरे पर अश्लील वीडियो लीक करने का आरोप लगाया है। एक वीडियो मैसेज में कार्तिक ने कहा कि वह पिछले 15 साल से प्रज्वल के साथ काम कर रहा था। पिछले साल उसने काम छोड़ दिया।
  • कार्तिक ने बताया- प्रज्वल ने मेरी जमीन हथिया ली और मेरी पत्नी के साथ मारपीट की थी। मुझे भी प्रताड़ित किया। इसके बाद मैंने नौकरी छोड़कर अपनी जमीन वापस पाने के लिए लड़ाई शुरू कर दी।
  • कार्तिक देवराजे गौड़ा के पास गया। देवराज ने 2023 का विधानसभा चुनाव होलेनरसिपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लड़ा था। कार्तिक ने इसके बाद देवगौड़ा पर फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप लगाए।
  • आरोपों को खारिज करते हुए देवराजे गौड़ा ने कहा कि कार्तिक हासन से कांग्रेस के उम्मीदवार श्रेयस पटेल के साथ घूम रहे थे। न तो जेडी(एस) कभी वीडियो जारी कर सकती है और न ही भाजपा वीडियो जारी कर सकती है, क्योंकि ऐसा किया तो यह NDA गठबंधन के उम्मीदवार के खिलाफ जाएगा और कांग्रेस को फायदा पहुंचेगा।
  • देवराजे गौड़ा ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार (श्रेयस पटेल) ने अपने फायदे के लिए वीडियो में दिख रही महिलाओं की अस्मिता को गिरवी रखा। उन्होंने कहा कि वह SIT के नोटिस का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें वह महत्वपूर्ण दस्तावेज जारी करेंगे। कांग्रेस नेता उसी गड्ढे में गिरेंगे, जो उन्होंने दूसरों के लिए खोदा था।

SIT ने पीड़ितों के लिए हेल्पलाइन जारी की
इस केस की जांच कर रही SIT ने पीड़ितों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। SIT हेड और ADGP बीके सिंह ने कहा कि पीड़ित महिलाएं 6360938947 पर कॉल कर सकती हैं। उन्हें SIT ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है, टीम खुद जाकर उनसे बात करेगी।

SIT ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे रेवन्ना और पीड़ित महिलाओं के वीडियो सोशल मीडिया या पर्सनल मैसेंजर एप्लिकेशन पर शेयर न करें। शेयरिंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कर्नाटक कांग्रेस ने भी ऐलान किया कि वह सेक्स स्कैंडल की पीड़ित महिलाओं को आर्थिक मदद देगी।