शाहजहांपुर के पिज्जा हब में गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोपी युवक ने दो दिन बाद सुसाइड कर लिया। पीलीभीत में शनिवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। सुसाइड से पहले आरोपी ने वीडियो बनाया। इसमें वह कह रहा है कि उसने नर्स के साथ गलत किया था। इसलिए, अब जान दे रहा है। पुलिस ने उस वीडियो को जब्त कर लिया है।
पूरनपुर थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक शुभम शुक्ला पंडरिया गांव का रहने वाला था। वह शादीशुदा था। घर से 500 मीटर दूर उसका शव मिला। शव अंडरवियर और बनियान में था। पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पिज्जा हब के बाथरूम में हुई थी युवती की हत्या
शाहजहांपुर में गुरुवार को पिज्जा हब के बाथरूम में युवती का शव मिला था। युवती निजी हॉस्पिटल में नर्स थी। एसपी अशोक कुमार ने बताया था कि युवती शुभम शुक्ला के साथ दोपहर में आई थी। पिज्जा हब में कपल्स को अवैध तरीके से रूम भी दिए जाते थे। दोनों ने एक रूम किराए पर लिया था।
2 घंटे बाद शुभम वहां से निकल गया, फिर लौटा नहीं
पिज्जा हब के रूम में करीब 2 घंटे रहने के बाद शुभम वहां से निकल गया। मैनेजर से उसने कहा कि वह थोड़ी देर में आ रहा है। काफी देर तक जब नहीं लौटा तो पिज्जा हब के ओनर अभिषेक कश्यप ने कमरे में जाकर चेक किया। वहां बाथरूम में युवती की लाश पड़ी थी। गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी।
मोबाइल से वीडियो बनाया और सुसाइड कर लिया
पुलिस को शक है कि शुभम वारदात के बाद गांव में कहीं छिपा था। जब उसे लगा कि पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी तो उसने आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले जो वीडियो बनाया था वह पुलिस ने नहीं दिया है। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि इस वीडियो में शुभम ने अपना जुर्म कबूला है। वह कह रहा है कि नर्स के साथ उसने गलत काम किया था। ऐसे में वह भी सुसाइड कर रहा है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शुभम की शादी
पुलिस ने बताया कि शुभम तीन भाइयों में बड़ा था। डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी। 4 महीने का बेटा है। शुक्रवार को शाहजहांपुर पुलिस दबिश देने उसके घर पहुंची। शुभम नहीं मिला तो उसके दो भाइयों को हिरासत में ले लिया। पिता राजेंद्र शुक्ला से भी थाने ले जाकर पूछताछ की।
गुरुवार को शाहजहांपुर में वारदात के बाद शुभम घर पहुंचा था लेकिन, किसी को कुछ बताया नहीं था। इसके बाद वह घर से भाग गया। शुक्रवार को पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह छापेमारी की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।