करनाल लोकसभा सीट पर वोटिंग:सुबह 11 बजे तक 22.04 फीसदी वोटिंग, इसराना में सबसे ज्यादा लोगों ने किया मतदान

हरियाणा की सबसे हॉट सीटों में से एक करनाल लोकसभा सीट पर वोटिंग प्रक्रिया सुबह सात बजे से जारी है। यह शाम 6 बजे तक चलेगी। सुबह 9 बजे तक इस सीट पर 9.29 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं 11 बजे तक की वोटिंग प्रतिशत 22.04 फीसदी हुई है।

यहां से भाजपा ने पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ युवा नेता दिव्यांशु बुद्धिराजा को टिकट दी है। इसके अलावा इनेलो के समर्थन से एनसीपी के वीरेंद्र मराठा चुनाव लड़ रहे हैं।

बता दें कि आज, 25 मई को करनाल विधानसभा की सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। भाजपा से सीएम नायब सैनी मैदान में हैं तो वहीं कांग्रेस ने त्रिलोचन सिंह को उतारा है।

घमंडिया गठबंधन का सिर्फ ढांचा बचा है, इनकी जमीन खिसक चुकी है: सीएम नायब सैनी

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि अब घमंडिया गठबंधन का सिर्फ ढांचा रह गया है। इसमें भी कुछ लोग बचे हुए हैं बाकी जमीन खिसक चुकी है। जमीन के ऊपर कुछ नहीं है। फिर इस ढांचे के अंदर जो लोग हैं, वे देश को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।