UP, MP और झारखंड में हीटवेव की आशंका:राजस्थान में आंधी का अलर्ट; महाराष्ट्र पहुंचा मानसून, बारिश से तमिलनाडु के कई इलाकों में पानी भरा

देश के दक्षिण भाग को मानसून ने कवर लिया है। 6 जून को मानसून महाराष्ट्र में दाखिल हो गया। आज रत्नागिरी और सोलापुर में बारिश हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4 दिन महाराष्ट्र में बारिश होने की संभावना है।

इसके साथ ही आधे तेलंगाना और लगभग पूरे आंध्र प्रदेश को मानसून ने कवर कर लिया। भारी बारिश के चलते तमिलनाडु के कई इलाकों में पानी भर गया है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसूनी बारिश हो रही है।

वहीं उत्तरी भारत में गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड के अलग-अलग स्थानों में हीटवेव चलने का अनुमान जताया है। राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में उमस रहेगी।

गुरुवार को राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की 31 जगहों का तापमान 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के उरई में सबसे ज्यादा 45.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शाम को दिल्ली का तापमान 44 डिग्री से 3 डिग्री कम होकर 41.2 डिग्री हो गया।

  • 9-10 जून को मानसून के मुंबई पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है।
  • जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 7 और 8 जून को अलग-अलग जगहों पर बारिश-ओले गिरने का अनुमान है।
  • बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, अंडमान और निकोबार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के उत्तरी इलाके में अगले पांच दिन हीटवेव जारी रह सकती है।
  • कर्नाटक में 2 जून को और महाराष्ट्र में 6 जून को मानसून की एंट्री हो गई है। 8 जून से दोनों राज्यों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।