प्रयागराज में सौतेली मां ने 4 साल के बच्चे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। महिला ने पहले बेटे को जमकर पीटा, इसके बाद उसका गला दबा दिया। सौतेली मां के हाथों मासूम की हत्या के बाद गांव हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। मृतक बच्चे के पिता की तहरीर के आधार पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। अजय ने पुलिस को बताया- उसकी पत्नी दोनों बेटों से नफरत करती थी। छोटे बेटे कान्हा को हर दूसरे दिन पीटती थी।
अजय के आरोपों के बाद मौके से सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कई एविडेंस कलेक्ट किए। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पहली पत्नी कहीं चली गई, फिर की दूसरी शादी
पूरा मामला जिले के नगर पंचायत शंकरगढ़ का है। यहां हहज्जी टोला, वार्ड नंबर-10 में अजय कुमार नट पुत्र स्व. मेवालाल के बेटे कान्हा की हत्या कर दी गई। अजय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया- मेरी पत्नी ने छोटे पुत्र कान्हा की पीट-पीट कर हत्या कर दी। मेरी पहली पत्नी सविता लगभग 2 साल पहले कहीं चली गई। सविता से मुझे दो पुत्र हैं। कृष्णा (8) और कान्हा (4)। इसकी देखभाल के लिए मैंने दूसरी शादी गुड़िया निवासी थाना रामपुर सतना से की थी।
बेटों से नफरत करती थी गुड़िया
अजय ने पुलिस को बताया- गुड़िया कान्हा से बहुत नफरत करती थी। वह पहले भी उसे पीट चुकी थी। रविवार को भी गुड़िया ने गुस्से में कान्हा को जमकर पीटा। वह जख्मी होकर चीखने लगा, तो गुड़िया ने उसका गला दबा दिया। फिर, जब वो मर गया तो शव कमरे के बाहर आंगन में छोड़कर चुपचाप सोने चली गई।
अजय ने कहा- मैं मजदूरी करता हूं। जब शाम को घर लौटा, तो देखा कि कान्हा का शव पड़ा हुआ है। मुझे उसी समय शक हो गया कि गुड़िया ने ही उसके साथ मारपीट की है। उसके शरीर से खून भी निकल रहा था।
सुबह मारपीट की, दिन में हत्या
अजय के पड़ोसियों ने बताया- रविवार की सुबह गुड़िया ने पहले कान्हा को जमकर पीटा था। हम लोगों ने बीच-बचाव कर बच्चे को बचा लिया था। तब झगड़ा पूरी तरह नॉर्मल हो गया। लेकिन, जब अजय काम पर चला गया, तब गुड़िया फिर गुस्से में कान्हा को पीटने लगी।
वो बच्चा जोर-जोर से छोड़ने की बात कह रहा था। लेकिन गुड़िया नहीं मानी। इसके बाद एक दम से बच्चे की आवाज आना बंद हो गई। हम लोग कुछ नहीं समझ पाए, लेकिन जब अजय आया और वो चिल्लाने लगा। तब पता चला कि कान्हा की हत्या कर दी गई है।
पड़ोसियों ने बताया- देर शाम पुलिस वाले मौके पर पहुंच गए। गुड़िया की आंखों में किसी तरह का मलाल नहीं था। पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। कान्हा, हमेशा गुड़िया के बारे में बताता था कि गुड़िया उसे मारती थी।
पुलिस की मानें तो गुड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पति और पड़ोसियों का बयान दर्ज किया गया है। मिली तहरीर के आधार पर गुड़िया पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।