राहुल आज अहमदाबाद में, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे:मोरबी-राजकोट हादसे के पीड़ितों से मिलेंगे; कांग्रेस ऑफिस के बाहर कड़ी सुरक्षा

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुजरात दौरे पर हैं। वह सुबह 11 बजे दिल्ली से अहमदाबाद के लिए निकले। राहुल यहां 1 बजे पहुंचेंगे। फिर दोपहर 2:30 बजे राजकोट गेम जोन हादसे और मोरबी पुल हादसे के पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने बताया कि राहुल गांधी एयरपोर्ट से सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय जाएंगे, जहां कार्यकर्ताओं संबोधित करेंगे। वे अहमदाबाद में डेढ़ से दो घंटे तक रहेंगे।

राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब हाल ही में उन्होंने लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती दी थी कि कांग्रेस अगले गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराएगी।

संसद में हिंदू धर्म पर बयान देने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अहमदाबाद में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर हमला कर दिया था। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। झड़प में कई कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हो गए थे। राहुल गांधी इन कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि कार्यकर्ताओं पर हमले के बाद हमने राहुल गांधी से गुजरात आने की अपील की थी। इससे पूरी पार्टी में मजबूत संदेश जाएगा और कार्यकर्ताओं को भरोसा मिलेगा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में शीर्ष नेतृत्व उनके साथ है।

2. राहुल राजकोट-मोरबी हादसे के पीड़ितों से मुलाकात करेंगे

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस गुजरात में राजकोट गेमिंग जोन में 33 और मोरबी में मच्छू नदी पर सस्पेंशन ब्रिज गिरने की घटना में जान गंवाने वाले 141 लोगों की मौत के लिए न्याय की मांग कर रही है। इसीलिए राहुल गांधी को मृतकों के परिजनों से मुलाकात करवाई जा रही है। कांग्रेसी नेताओं ने इन परिवारों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। पीड़ित परिवारों को अहमदाबाद लाने की व्यवस्था की गई है।

3. राहुल जगन्नाथ मंदिर में रथ की पूजा करेंगे, कल से यात्रा शुरु
हर साल भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के एक दिन पहले गुजरात कांग्रेस के नेता रथ की पूजा करते हैं। रथयात्रा रविवार यानी कि 7 जुलाई को निकलेगी। राहुल गांधी गुजरात में हैं। इसलिए वे रथ की पूजा करने जगन्नाथ मंदिर भी जाएंगे।