हरियाणा में खाई में गिरी यात्रियों से भरी रोडवेज बस:ढलान पर हुई बेकाबू; 50 घायल, इनमें ज्यादातर स्कूली बच्चे; ड्राइवर-कंडक्टर सस्पेंड

हरियाणा के पंचकूला में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां कालका में हरियाणा रोडवेज की एक मिनी बस खाई में गिर गई। बस गांव दखरोग से कालका आ रही थी। हादसे में 50 यात्रियों को चोटें लगी हैं। इनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। बस हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। घायलों को खाई से निकाल कर पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में लाया गया। यहां प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी पहुंचे।

इस बीच परिवहन मंत्री असीम गोयल ने बस ड्राइवर और कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया है। हादसे की जांच के लिए एक कमेटी भी गठित करने के आदेश भी दिए हैं। इसके साथ ही सुबह के समय वहां 2 नई बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि खाई में गिरी बस में 80 के करीब यात्री सवार थे।

हादसे का कारण ओवरलोडिंग और खराब सड़क बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार पिंजौर से लगभग 15 किलोमीटर दूर ऊंचे पहाड़ी जंगलों से घिरे हुए गांव दखरोग में रोडवेज की मिनी बस रात्रि ठहराव करती है। सुबह स्कूल कॉलेज जाने वाले छात्रों और अन्य व्यक्ति इस बस में सवार होकर पिंजौर, कालका आते हैं। सोमवार सुबह भी यह बस कालका के लिए निकली थी।

इस पहाड़ी संकरी सड़क पर रात को बारिश होने की वजह से पानी और कीचड़ भी काफी था। इस बीच सवारियों से ठसाठस भरी ये बस असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरी। लोगों का कहना हे कि बस में यात्री ज्यादा थे और दूसरे इसे ड्राइवर तेज गति से चला रहा था। ढलान पर बस हादसा हो गया।