भाजपा की विस्तृत जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को हुई। इसमें मुख्य वक्ता भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी पार्टी में जब सीएम या पीएम चुनने की बारी आती है तो सिर्फ परिवार के लोग ही चुने जाते हैं। गोयल ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं का काम सिर्फ झूठ फैलाना और झूठ की राजनीति कर जनता को गुमराह करना है।
उन्होंने कहा पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में फरीदाबाद में तीसरी बार कमल खिलाकर केंद्रीय राज्यमंत्री राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को सबसे बड़ी पंचायत में भेजा। देश में तीसरी बार मोदी की भी सरकार बनाई। उन्होंने कहाकि विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है और इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयारी में जुट गए हैं। पार्टी को पूर्ण विश्वास हैं कि विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों को जिताकर फरीदाबाद की सभी 6 सीटों को जिताकर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। देश या प्रदेश में जब भी भाजपा की सरकार बनती है वह कार्यकर्ताओं की सरकार बनती है। इस दौरान प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़ ने कहा कि फरीदाबाद का जिला प्रभारी के नाते उन्होंने कई साल फरीदाबाद का कार्य देखा है। फरीदाबाद में भाजपा का संगठन बहुत मजबूत है। जिम्मेदारी का निर्वहन करना फरीदाबाद का यहां का कार्यकर्ता अच्छे से समझता है। लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और लगन के साथ चुनाव लड़ा और तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाई । भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ना आता है और लोकसभा की तरह कार्यकर्ता पूरी मेहनत से चुनाव लड़ेगा और विधानसभा चुनाव में भी जीत दिला तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का काम करेगा । गार्गी कक्कड़ ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मार्गदर्शन कर सरकार के काम को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। पंजाबी भवन में हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, शिक्षामत्री सीमा त्रिखा, विधायक नरेंद्र गुप्ता, ज़िलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा, सीएम के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर देवेन्द्र चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेत्री नीरा तोमर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।