कांग्रेस का खटाखट…खटाखट, ठकाठक…ठकाठक दावा इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंच गया है। कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जनहित याचिका दायर की गई है, जिसमें तीन बड़ी मांगें रखी गई हैं। पहली– पार्टी के 99 सांसदों को अयोग्य घोषित किया जाए। दूसरी– चुनाव चिन्ह जब्त हो और तीसरी डिमांड पार्टी का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की गई है। यह याचिका सोशल एक्टिविस्ट भारती सिंह ने दाखिल की है।
उनके वकील ओपी सिंह और शाश्वत आनंद ने याचिका को तैयार किया है। इसमें आरोप लगाया है कि लोकसभा चुनाव-2024 में कांग्रेस पार्टी ने गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक को 8500 रुपए हर महीने देने का वादा किया था। राहुल गांधी ने भी अपनी जनसभाओं, रैलियों में हर महीने रुपए दिए जाने का वादा किया था, जो झूठा साबित हुआ।
दावा- इस वादे में वोट के बदले पैसा देने का लालच था
याचिका में यह भी कहा गया कि कांग्रेस ने इस वादे से मतदाताओं को गुमराह किया। एक तरह से वोट के बदले पैसे देने का लालच दिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के हस्ताक्षर किए हुए इस वादे ने मतदाताओं को भरोसा दिलाया था कि उन्हें वोट देने के बदले पैसे मिलेंगे।
चुनाव आयोग को भी लेटर भेजा
भारती सिंह ने कहा- चुनाव आयोग ने चुनाव में प्रलोभनों पर 2 मई, 2024 को एक एडवाइजरी भी जारी की थी, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। याचिका में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 121(1)(ए) का उल्लंघन किया है। यह भारतीय दंड संहिता के तहत दंडनीय अपराध है।
याची ने चुनाव आयोग को इस मामले में कार्रवाई करने के लिए लेटर लिखा, लेकिन जब कोई कदम नहीं उठाया गया, तो यह जनहित याचिका दायर की गई। इस याचिका पर अगले हफ्ते सुनवाई हो सकती है।
नतीजों के बाद लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय पहुंची थीं महिलाएं
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के दूसरे दिन 5 जून को मुस्लिम महिलाएं यूपी कांग्रेस पार्टी दफ्तर पहुंच गई थीं। महिलाओं ने कांग्रेस का गारंटी कार्ड दिखाते हुए रुपए की मांग की थी। कई महिलाओं ने पहले से मिले गारंटी कार्ड पर अपना नाम, पता और नंबर भरकर पार्टी दफ्तर में जमा भी किया। दैनिक भास्कर से बातचीत में कांग्रेस दफ्तर पहुंचीं जुबैदा ने कहा था- कांग्रेस की सरकार बनने के लिए बड़ी नमाज पढ़ी, दुआ मांगी। भोलेनाथ के सामने हाथ जोड़कर पूजा की। अब तो सरकार बन जाएगी। लोगों ने बहुत नक्शेबाजी की है।
जानिए, कांग्रेस ने महिलाओं से क्या वादा किया था
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में 3 अप्रैल को महालक्ष्मी योजना लागू करने की बात कही थी। वादा किया था कि इस योजना में गरीबी रेखा से नीचे (BPL कैटेगरी) से संबंधित परिवारों की मुखिया महिला के खाते में सीधे 8,500 रुपए प्रति माह जमा किए जाएंगे। यह योजना कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार की गृह लक्ष्मी गारंटी योजना के समान है, जिसमें गरीब परिवारों की महिलाओं को 2,000 रुपए का भुगतान किया जाता है।
राहुल ने कहा था- खटाखट-खटाखट पैसे आएंगे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान सभाओं में कहा कि भाजपा वाले 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपए भेजे जाएंगे। यानी महीने 8,500 रुपया खाते में खटाखट-खटाखट जाएगा।