हरियाणा में आज विधानसभा चुनावों का ऐलान हो सकता है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। विधानसभा चुनावों की घोषणा के लिए चुनाव आयोग ने दिल्ली में दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला ली है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव आयोग आज जेएंडके के साथ हरियाणा विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
हालांकि मतगणना इसी साल होने वाले महाराष्ट्र के साथ ही होगी। हालांकि आयोग ने औपचारिक तौर पर हरियाणा के चुनावों के ऐलान को लेकर कुछ नहीं कहा है।
इसके अलावा सीएम नायब सैनी ने कैबिनेट से पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उपलब्धियां भी गिना दीं। कुछ दिन पहले ही चुनाव आयोग की टीम हरियाणा का दौरा कर वापस लौटी थी। जिसमें अधिकारियों को संकेत दे दिया था कि चुनावों की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है।
वहीं चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि चुनाव अपने निर्धारित समय पर होंगे। कांग्रेस, बीजेपी के लिए कोई चुनौती नहीं है। हमने आज प्रदेश की जागरूक जनता को बताने का काम किया कि हमारी सरकार ने कितने काम किए हैं। कानून व्यवस्था को लेकर हम कोई समझौता नहीं करते, चाहे वह कितना बड़ा ही व्यक्ति क्यों न हो।
हरियाणा में 2.01 करोड़ मतदाता, 20,629 पोलिंग बूथ
हरियाणा में इस बार कुल 2.01 करोड़ मतदाता वोट करेंगे। इसमें 1.06 करोड़ पुरुष, 95 लाख महिला मतदाता हैं। 4.52 लाख से अधिक मतदाता (18-19 वर्ष) पहली बार वोट करेंगे। 85 से ज्यादा उम्र के 2.55 लाख और 1.5 लाख दिव्यांग मतदाता रजिस्टर्ड हुए हैं।
10 हजार से अधिक मतदाता 100 साल से ज्यादा उम्र के हैं। हरियाणा में इस बार विधानसभा चुनाव के लिए 817 पोलिंग बूथ नए बनाए गए हैं, जिसके बाद पोलिंग बूथों की संख्या बढ़कर 20,629 हो गई है।
27 अगस्त को पब्लिश होगी लास्ट वोटर लिस्ट
हरियाणा की लास्ट वोटर लिस्ट 27 अगस्त को पब्लिश की जाएगी। जिसकी एक कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को फ्री में दी जाएगी। हरियाणा दौरे के दौरान ECI की टीम को यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने दी थी। यह भी बताया गया था कि दूसरी अन्य जरूरी तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं, 20 अगस्त को इसकी फाइनल रिपोर्ट दिल्ली मुख्यालय भेजी जाएगी।
राज्य में 2 टर्म से सरकार चला रही भाजपा
हरियाणा में अभी भाजपा की सरकार चल रही है। 2014 में भाजपा ने 47 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। इसके बाद 2019 में भाजपा बहुमत से चूक गई। भाजपा को 40 ही सीटें मिली लेकिन जजपा के साथ गठबंधन कर भाजपा ने सरकार बना ली। हालांकि दो महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग पर सहमति न बनने की वजह से गठबंधन टूट चुका है। भाजपा निर्दलीय और गोपाल कांडा की हलोपा की मदद से सरकार चला रही है।
पिछले 3 इलेक्शन में 12 सितंबर के बाद चुनाव की घोषणा
हरियाणा में पिछले 3 बार से 12 सितंबर के बाद इलेक्शन की घोषणा होती रही है। नतीजे 15 अक्टूबर के बाद आते रहे हैं। इस बार घोषणा 1 महीने एडवांस हो रही है।
भाजपा जल्दी उम्मीदवार घोषित करेगी
विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा जल्द उम्मीदवार घोषित करेगी। सूत्रों के मुताबिक भाजपा अपने उम्मीदवारों को प्रचार के लिए खुला टाइम देना चाहती है। इसके लिए अब किसी भी वक्त भाजपा अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है।
भाजपा में नायब सैनी करेंगे अगुआई, कांग्रेस में हुड्डा-सैलजा की लड़ाई
हरियाणा विधानसभा चुनाव को भाजपा सीएम नायब सैनी की अगुआई में लड़ेगी। इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह कुछ दिन पहले पंचकूला में ऐलान कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस में अभी सीएम कुर्सी को लेकर लड़ाई चल रही है।
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा इसके प्रबल दावेदार हैं लेकिन सिरसा सांसद कुमारी सैलजा भी रणदीप सुरजेवाला और पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह की मदद से इसके लिए दावा ठोक रही है। कांग्रेस ने औपचारिक तौर पर किसी को सीएम चेहरा घोषित नहीं किया है।