मैनचेस्टर टेस्ट में जैमी स्मिथ का शतक:श्रीलंका ने दूसरी पारी में 82 रन की बढ़त बनाई; कमिंडु और मैथ्यूज की फिफ्टी

मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड पहली पारी में 358 रन बनाकर ऑलआउट हो गया। टीम से विकेटकीपर जैमी स्मिथ ने करियर का पहला शतक लगाया। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी शुरू कर दी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 6 विकेट खोकर 204 रन बना लिए।

श्रीलंका ने पहली पारी में 236 रन बनाए थे। इसलिए टीम फिलहाल 82 रन से आगे हैं। दूसरी पारी में टीम से एंजलो मैथ्यूज और कमिंडु मेंडिस ने फिफ्टी लगाईं। श्रीलंका से पहली पारी में असिथा फर्नांडो ने 4 विकेट लिए थे।

जैमी स्मिथ ने दिलाई इंग्लैंड को मजबूत लीड
इंग्लैंड ने तीसरे दिन 259/6 के स्कोर से अपनी पारी आगे बढ़ाई। जैमी स्मिथ ने 72 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया, उनके सामने गस एटकिंसन 20 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन टीम का स्कोर 300 के पार पहुंच गया। स्मिथ ने शतक लगाया, लेकिन वह भी 111 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

आखिर में मैथ्य पॉट्स ने 17, मार्क वुड ने 22 और शोएब बशीर ने 3 रन बनाकर टीम का स्कोर 358 रन तक पहुंचा दिया। श्रीलंका से असिथा फर्नांडो ने 4 और प्रबाथ जयसूर्या ने 3 विकेट लिए। विश्वा फर्नांडो को 2 और मिलन रत्नायके को एक सफलता मिली।

श्रीलंका की शुरुआत खराब
दूसरी पारी में श्रीलंका 122 रन से पीछे रही। टीम ने दूसरी पारी में एक ही रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे। निशान मदुष्का और कुसल मेंडिस खाता भी नहीं खोल सके। क्रिस वोक्स ने मदुष्का और गस एटकिंसन ने मेंडिस को पवेलियन भेजा।

दूसरे सेशन में संभला श्रीलंका
पहला सेशन खत्म होने तक टीम ने 10 रन के स्कोर 2 विकेट गंवा दिए। दिमुथ करुणारत्ने 27 और कप्तान धनंजय डी सिल्वा 11 ही रन बनाकर आउट हो गए। इस बीच एंजलो मैथ्यूज ने कमिंडु मेंडिस के साथ पारी संभाली।

मेंडिस ने भी लगाई फिफ्टी
मैथ्यूज ने 65 रन बनाए और टीम को 150 रन के पार पहुंचाया। मैथ्यूज के बाद मिलन रत्नायके 10 ही रन बनाकर आउट हो गए। कमिंडु मेंडिस ने फिफ्टी लगाई और टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। दिन का खेल खत्म होने तक वह 56 रन बनाकर दिनेश चांदीमल के साथ नॉटआउट रहे। चांदीमल ने 20 रन बनाए।

श्रीलंका ने 6 विकेट खोकर 204 रन बना लिए हैं। टीम ने 82 रन की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड से क्रिस वोक्स ने 2 विकेट लिए। गस एटकिंसन, मार्क वुड, मैथ्यू पॉट्स और जो रूट को 1-1 विकेट मिला। चौथे दिन का खेल भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।