जर्मनी में पार्टी कर रहे लोगों पर हमला:हमलावर ने गर्दन पर चाकू मारे, 3 की मौत, 9 घायल

पश्चिम जर्मनी के सोलिंगेन में शुक्रवार रात को एक कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी की घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। 9 लोग जख्मी हैं। इनमें 4 की हालत गंभीर है। BBC के मुताबिक सोलिंगेन शहर अपनी स्थापना के 650 साल पूरे होने का जश्न मना रहा था।

सोलिंगेन शहर के मेयर ने बताया कि हमला फ्रॉनहोफ चौक पर हुआ। कार्यक्रम में करीब 10 हजार लोग पहुंचे थे। लाइव बैंड बज रहा था, तभी एक शख्स ने रात करीब 10 बजे भीड़ में लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान हमलावर ने राह चलते लोगों पर जहां-तहां हमले किए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

सोलिंगेन की आबादी 1 लाख 59 हजार है। यह उत्तरी राइन-वेस्टफेलिया राज्य में है, जो जर्मनी का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है। राज्य के गृहमंत्री हर्बर्ट रूल ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि ऐसा लगता है कि हमलावर कई लोगों को मारने के मकसद से ही आया था।

एक ही हमलावर ने घटना को अंजाम दिया, लोगों की गर्दन पर वार किया
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही 3 दिनों तक चलने वाला कार्यक्रम रद्द करा दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों को इलाका खाली करने को कहा है। पुलिस ने अज्ञात हमलावर की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसके लिए 40 टैक्टिकल व्हीकल तैनात किए हैं। पुलिस हेलीकॉप्टर से भी उसे तलाश रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

जर्मन पुलिस ने एक बयान जारी कर पुष्टि की है कि हमले में चाकू का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने कहा है कि अभी तक उनके पास हमलावर के बारे में बहुत कम जानकारी है। हालांकि, उनका मानना ​​है कि चाकूबाजी की यह घटना को एक अकेले हमलावर ने अंजाम दिया। जर्मन मीडिया का कहना है कि हमलवार ने लोगों की गर्दन पर चाकू से वार किया जिसकी वजह से घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इस साल 31 मई को जर्मनी के मैनहेम में भी एक अज्ञात हमलावर ने एक प्रदर्शन के दौरान चाकू से हमला किया था, जिसमें एक पुलिस अधिकारी सहित 7 लोग घायल हो गए थे। यह हमला तब हुआ जब एक इस्लाम विरोधी कार्यकर्ता माइकल स्टूरजेनबर्गर एक दक्षिणपंथी विरोध प्रदर्शन को संबोधित करने की तैयारी कर रहा थे।

जर्मनी के मैनहेम शहर में सेंट्रल स्क्वायर पर एक इस्लामिक विचारधारा वाले कट्टरपंथी ने चाकू से कई लोगों पर हमला कर दिया। इसमें एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया है। हमलावर ने उसकी गर्दन पर वार किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया है। यह घटना सुबह 11:30 बजे के करीब हुई।

पुलिस ने इस हमले में घायल लोगों की पहचान जाहिर नहीं की है मगर यूरोन्यूज ने अनुमान लगाया है कि जर्मनी में बेहद लोकप्रिय अति-दक्षिणपंथी कार्यकर्ता और इस्लाम की आलोचना करने वाले माइकल स्टर्जनबर्गर भी इस हमले में घायल हुए हैं। वे इस्लाम विरोधी एक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए वहां पहुंचे थे।