देश का मानसून ट्रैकर:आंध्र-तेलंगाना में बाढ़ से 10 की मौत, NDRF की 26 टीमें तैनात, 99 ट्रेनें कैंसिल; विजयवाड़ा में 2.76 लाख लोग प्रभावित

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई जिलों में बाढ़ से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों राज्यों में 99 ट्रेनें कैंसिल हुई हैं। 54 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। यहां कई नदियां उफान पर हैं। NDRF की 26 टीमें तैनात की गई हैं।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा- 1998 के बाद ऐसी बाढ़ आई है। 17 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। सबसे ज्यादा हालात विजयवाड़ा में खराब हैं। यहां कुछ इलाकों में 10 फीट तक पानी भरा है। शहर में 2.76 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

उधर, तेलंगाना में बाढ़-बारिश से तेलंगाना में 24 घंटे में 9 लोगों की मौत हुई है। सूर्यपेट, भद्राद्री कोठागुडेम, महबूबाबाद और खम्मम जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। खम्मम के 110 गांव पूरी तरह से पानी में डूबे हैं। हैदराबाद में आज सभी स्कूलों को बंद रखा गया है।

PM ने आंध्र और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से बात की
प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी से फोन पर बात कर राज्य के हालात की जानकारी ली। PM ने दोनों को केंद्र की ओर से हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।

आंध्र CM बोले- बारिश ने राज्य को हिलाकर रख दिया है
सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि भारी बारिश ने राज्य को हिलाकर रख दिया है। विजयवाड़ा और गुंटूर शहर पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। विजयवाड़ा-गुंटूर नेशनल हाईवे और विजयवाड़ा-हैदराबाद नेशनल हाईवे भी बाढ़ से प्रभावित हैं। 100 से ज्यादा राहत शिविरों में 17 हजार लोग रह रहे हैं। बुडामेरु नदी उफान पर है। 1.1 लाख हेक्टेयर जमीन पर फसलें पूरी तरह से तबाह हो गई है।

राजस्थान में बारिश ने 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
राजस्थान में मानसून ने अगस्त में नया रिकॉर्ड बना दिया है। अगस्त में 344mm बरसात हुई, जो साल 2011 से 2023 तक सबसे ज्यादा है। इस साल इतनी बारिश अब तक किसी भी महीने में नहीं हुई। इससे पहले साल 2016 में अगस्त में 277.7mm बरसात दर्ज हुई थी, जो पिछले 13 साल में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड था।

आज 15 राज्यों में भारी और 6 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार (2 सितंबर) को उत्तर प्रदेश-महाराष्ट्र सहित 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश और गुजरात समेत 6 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। यूपी के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में रविवार को भारी बारिश हुई। गंजम जिले में टोटा साही गांव में बारिश के कारण घर ढहने से 3 साल के बच्चे की मौत हो गई।

3 सितंबर को 16 राज्यों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 3 सितंबर को राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश में बारिश कराने वाला स्ट्रॉन्ग सिस्टम फिर एक्टिव हो गया है। सोमवार को बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन और देवास में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिर सकता है।