नमस्कार,
कल की बड़ी खबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एक बयान की रही। उन्होंने कहा- भारत में रेप जैसे मामलों में तुरंत न्याय नहीं मिलता। पीढ़ियां गुजर जाती हैं। हमें इसका हल निकालना होगा। वहीं दूसरी खबर शिवाजी मूर्ति विवाद पर है, महाविकास अघाड़ी ने मुंबई में प्रदर्शन किया।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
1. शंभु बॉर्डर खोलने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। हरियाणा सरकार ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी है।
2. OBC सर्टिफिकेट रद्द करने के कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। बंगाल सरकार ने याचिका लगाई है।
3. पश्चिम बंगाल विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र शुरू होगा। इस सत्र में ममता सरकार रेप को लेकर सख्त कानूनों से जुड़ा बिल पेश करेगी।
1. राष्ट्रपति बोलीं- पेंडिंग केस ज्यूडिशियरी के लिए बड़ा चैलेंज, रेप जैसे मामलों में भी तत्काल न्याय नहीं मिलता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि पेंडिंग केस और बैकलॉग न्यायपालिका के लिए बड़ा चैलेंज हैं। जब रेप जैसे मामलों में कोर्ट का फैसला एक पीढ़ी गुजर जाने के बाद आता है, तो आम आदमी को लगता है कि न्याय की प्रक्रिया में कोई संवेदनशीलता नहीं बची है। राष्ट्रपति मुर्मू रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ डिस्ट्रिक्ट ज्यूडिशीयरी के वैलेडिक्टरी इवेंट में शामिल हुई थीं।
मुर्मू बोलीं- न्याय की रक्षा करना सभी जजों की जिम्मेदारी: मुर्मू ने कहा कि न्यायालयों में तत्काल न्याय मिल सके इसके लिए हमें मामलों की सुनवाई को आगे बढ़ाने के कल्चर को खत्म करना होगा। इसके लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाने चाहिए। इस देश के सारे जजों की यह जिम्मेदारी है वे न्याय की रक्षा करें। राष्ट्रपति ने कहा कि कोर्टरूम में आते ही आम आदमी का स्ट्रेस लेवल बढ़ जाता है। उन्होंने इसे ‘ब्लैक कोट सिंड्रोम’ का नाम दिया और सुझाव दिया कि इसकी स्टडी की जाए।
2. शिवाजी मूर्ति विवाद: उद्धव ने शिंदे-फडणवीस की फोटो पर चप्पल मारी; CM शिंदे बोले- जनता इन्हें जूतों से पीटेगी
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति गिरने के विरोध में रविवार को महाविकास अघाड़ी (MVA) ने मुंबई में प्रदर्शन किया। MVA ने साउथ मुंबई के हुतात्मा चौक से गेटवे ऑफ इंडिया तक पैदल मार्च निकाला। इसमें उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, शरद पवार, सुप्रिया सुले, नाना पटोले समेत MVA की तीनों पार्टियों के बड़े नेता शामिल हुए।
उद्धव बोले- इनकी माफी अहंकार वाली: प्रदर्शन के दौरान उद्धव ने CM एकनाथ शिंदे, डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के पोस्टर पर चप्पल मारी। उन्होंने कहा- मोदी की माफी अहंकार से भरी थी। वहीं, शरद पवार ने कहा- मूर्ति गिरना भ्रष्टाचार का उदाहरण है। जवाब में CM शिंदे ने कहा- विपक्ष मामले पर राजनीति कर रहा है। जनता सब देख रही है। आने वाले चुनाव में महाराष्ट्र की जनता इन्हें जूतों से पीटेगी। भाजपा ने भी विपक्ष के प्रदर्शन के खिलाफ मुंबई में प्रोटेस्ट किया।
जानिए क्या है पूरा विवाद: दरअसल 26 अगस्त को सिंधुदुर्ग में शिवाजी की 35 फीट ऊंची प्रतिमा गिर गई थी। पीएम मोदी ने पिछले साल 4 दिसंबर को प्रतिमा का अनावरण किया था। विपक्ष के विरोध के बाद 27 अगस्त को पालघर में मोदी ने एक प्रोग्राम में कहा था, “हमारे लिए छत्रपति शिवाजी महाराज सिर्फ एक महाराजा नहीं हैं। हमारे लिए वे पूजनीय हैं। आज मैं छत्रपति शिवाजी महाराज के सामने नतमस्तक हूं और उनसे क्षमा मांगता हूं।”
3. रेल मंत्री ने दिखाई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की पहली झलक, 3 महीने में लॉन्च होगी, वैष्णव बोले- किराया राजधानी जितना होगा
केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार (1 सितंबर) को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के पहले मॉडल की झलक दिखाई। वे बेंगलुरु में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) की फैक्ट्री में ट्रेन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अगले 3 महीने यानी दिसंबर तक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू हो जाएगी। कोच की मैन्युफैक्चरिंग का काम पूरा हो गया है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच: इनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकेंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच है। ट्रेन 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। रेल मंत्री ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को 800 से 1200KM दूरी की यात्रा के लिए तैयार किया गया है। इसका किराया राजधानी के जितना ही होगा।
रेल मंत्री बोले- दुनिया की बेहतरीन ट्रेनों में गिनती होगी: रेल मंत्री ने बताया कि ट्रेन में कपलर मैकेनिज्म की नई टेक्नोलॉजी लाई गई है। इससे ट्रेन का वेट कम होता है और स्ट्रेंथ बढ़ती है। कपलर दो कोच को जोड़ने वाला हिस्सा होता है। यह ऑस्टेनिटिक स्टील से बना होता है। रेल मंत्री के मुताबिक, व्हील और ट्रैक के बीच का मैकेनिकल हिस्सा खास तरीके से डिजाइन किया गया है। इससे ट्रेन के अंदर वाइब्रेशन और आवाज कम आएगी।
4. AAP पार्षद बोला- भाजपा के लोगों ने मुझे किडनैप किया: मुख्यालय ले गए, ED-CBI केस में फंसाने की धमकी दी
भाजपा जॉइन करने के बाद आम आदमी पार्टी में वापस लौटे पार्षद राम चंदर ने BJP पर किडनैपिंग का आरोप लगाया। राम चंदर ने रविवार (1 सितंबर) को एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा, भाजपा के कुछ लोग उन्हें घर से अगवा करके ले गए। राम चंदर ने कहा कि जब मेरे बेटे और AAP के सीनियर नेताओं ने पुलिस को कॉल किया तब भाजपा के लोग मुझे वापस घर छोड़ कर गए। राम चंदर ने कहा, “भाजपा ने उन्हें ED-CBI केस में फंसाने की धमकी देकर किडनैप किया था।”
पार्षद बोले- केजरीवाल को सपने में देखा, बीजेपी छोड़ी: दिल्ली के वार्ड नंबर 28 से पार्षद राम चंदर ने 28 अगस्त को भाजपा जॉइन की थी। चार दिन बाद ही वे वापस AAP में आ गए थे। उन्होंने कहा था कि भाजपा जॉइन करने के बाद मैंने अरविंद केजरीवाल को सपने में देखा। इससे मेरा हृदय परिवर्तन हुआ और मैं वापस आम आदमी पार्टी में आ गया।
5. कोलकाता रेप-मर्डर, आरोपी बोला- सेमिनार रूम में गलती से गया: पॉलीग्राफ टेस्ट में कहा- डॉक्टर की बॉडी पड़ी थी
कोलकाता रेप-मर्डर केस के आरोपी संजय रॉय ने ट्रेनी डॉक्टर की मौत को लेकर नया दावा किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने पॉलीग्राफ टेस्ट में CBI को बताया कि 8 अगस्त की रात वह गलती से सेमिनार रूम में घुसा था। एक मरीज की हालत खराब थी। उसे ऑक्सीजन की जरूरत थी। इसलिए वो डॉक्टर को ढूंढ रहा था। इसी दौरान थर्ड फ्लोर पर सेमिनार रूम में गया। वहां ट्रेनी डॉक्टर की बॉडी पड़ी थी। उसने शरीर को हिलाया, लेकिन कोई मूवमेंट नहीं हुआ। इससे वह घबरा गया और बाहर भागा।
CBI ने अब तक 10 लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट किया: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 8-9 अगस्त की रात 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था। 9 अगस्त की सुबह डॉक्टर की बॉडी मिली थी। इसके बाद देशभर के डॉक्टर सड़क पर उतर आए थे। सुप्रीम कोर्ट की अपील के बाद कई अस्पतालों के डॉक्टरों ने हड़ताल कैंसिल कर दी। हालांकि बंगाल में प्रदर्शन जारी है। संजय सहित अब तक कुल 10 लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ है।
6. SC जज बोले- समाज में भीड़ तंत्र पैदा हो रहा: नेता फांसी देने का वादा करते हैं, जबकि फैसला लेना न्यायपालिका का काम
सुप्रीम कोर्ट जस्टिस अभय ओका ने रविवार को कहा कि समाज में ‘भीड़ तंत्र’ पैदा हो रहा है। जब कोई हादसा होता है, तो नेता इसका फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। वे उस जगह जाते हैं और जनता से वादा करते हैं कि आरोपी को फांसी की सजा दी जाएगी, लेकिन ये तय करना उनका काम नहीं है। ये फैसला लेने की ताकत सिर्फ न्यायपालिका के पास है।
ममता बोलीं थीं- रेप कानूनों में बदलाव करेंगे: मॉब रूल की टिप्पणी करते वक्त जस्टिस ओका ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब कोलकाता रेप-मर्डर और महाराष्ट्र के बदलापुर में दो स्कूली छात्राओं के यौन शौषण के मामले सामने आने के बाद अपराधियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा सुनाए जाने के मांग उठ रही है।
7. सरकार ने अगस्त में GST से ₹1.75 लाख करोड़ जुटाए: FY2024-25 का तीसरा बड़ा कलेक्शन
सरकार ने अगस्त 2024 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स, यानी GST से 1,74,962 (करीब 1.75 लाख) करोड़ रुपए जुटाए हैं। सालाना आधार पर इसमें 10% की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल अगस्त में 1,59,069 (1.59 लाख) करोड़ रुपए GST कलेक्ट किया था। अगस्त का कलेक्शन अब तक का किसी भी महीने जुटाया गया चौथा सबसे बड़ा है।
2017 में लागू हुआ था GST : GST एक इनडायरेक्ट टैक्स है। इसे वैराइटी ऑफ प्रीवियस इनडायरेक्ट टैक्स (VAT), सर्विस टैक्स, परचेज टैक्स, एक्साइज ड्यूटी और कई इनडायरेक्ट टैक्स को रिप्लेस करने के लिए 2017 में लागू किया गया था। GST में 5%, 12%, 18% और 28% के चार स्लैब हैं।
अमेरिका के वर्जीनिया में एक लाइब्रेरी से खोई हुई किताब 50 साल बाद मिली है। यह किताब अमेरिकन कवि वॉल्ट व्हिटमैन की “लीव्स ऑफ ग्रास” है। जिसे 1974 में एक शख्स ने इश्यू करवाई थी। मगर उसे वापस करने नहीं आया। अगस्त 2024 में एक महिला इसे लाइब्रेरी लेकर आई। उसने बताया कि, उसे बहन के घर से यह बुक मिली थी। इस किताब पर करीब 1.5 लाख रुपए जुर्माना लगा है। हालांकि लाइब्रेरी ने पिछले साल ही ओवर ड्यू पॉलिसी बंद कर दी।