यूपी के आगरा-संभल में बारिश, कल से एक्टिव होगा मानसून:अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी से आई नम हवाएं कराएंगी बरसात

यूपी के आगरा में मंगलवार देर रात तेज बारिश के साथ आंधी चली। सुबह से भी रुक-रुककर बारिश हो रही है। कई इलाकों में 2 फीट तक पानी भरा है। आधी कार डूब गई है। संभल में करीब 2 घंटे से भारी बारिश हो रही है। सहारनपुर में भी बूंदाबांदी का दौर जारी है।

प्रदेश में आज बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन लोकल इफेक्ट की वजह से कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। कल से मानसून फिर एक्टिग होगा। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं प्रदेश में अगले 3 दिन तक भारी बारिश कराएंगी।

मंगलवार को प्रदेश के 10 जिलों में सिर्फ 0.5 MM बारिश हुई। ये नॉर्मल से 93% कम है। सबसे ज्यादा 6 MM बारिश लखनऊ में रिकॉर्ड हुई। 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रयागराज यूपी का सबसे गर्म रहा।

जून जैसी गर्मी का एहसास हो रहा
मानसून का मोमेंटम बिगड़ने से यूपी का पारा और उमस दोनों बढ़ गई है। तापमान 37°C तक पहुंच गया है। सितंबर में जून-जुलाई जैसे मौसम का एहसास हो रहा है। सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक की धूप पारा चढ़ा रही है।

कल नेपाल से सटे जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सितंबर महीने में आज चौथा दिन है, जब पूरा यूपी ग्रीन जोन में है। कहीं भी बारिश की चेतावनी नहीं जारी की गई है। हालांकि, कल नेपाल से सटे 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

6 सितंबर को भारी बारिश की उम्मीद
BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया- 6 और 7 सितंबर को भारी से भारी बारिश का अलर्ट है। बंगाल की खाड़ी की नम हवा नेपाल के रास्ते यूपी में भारी बारिश करा सकती है।

चंदौली की रात रही सबसे गर्म
मंगलवार को यूपी का सबसे गर्म जिला प्रयागराज रहा। यहां पारा 36.9 डिग्री तक पहुंच गया। सबसे गर्म रात चंदौली की रही। यहां न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री तक रिकॉर्ड हुआ।

दक्षिण भारत में एक्टिव हुआ मानसून
प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया- यूपी में मानसून काफी कमजोर हो चुका है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के आसपास डिप्रेशन और साइक्लोनिक कंडीशन बनी है। मानसूनी हवा उड़ीसा और दक्षिण भारत की ओर बह रही है। वहीं, बरसात करा रही है। इसके खत्म होने के बाद ही नेपाल के रास्ते यूपी में बारिश हो सकती है।