देश का मानसून ट्रैकर:उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, बद्रीनाथ हाईवे बंद; राजस्थान में बारिश के 13 साल का रिकॉर्ड टूटा, आज भी 18 राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार (6 सितंबर) को 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर आज सुबह लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ का आधा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हैं।

राजस्थान में बारिश के 13 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। इस मानसून सीजन, 1 जून से 5 सितंबर तक औसत 607.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि पूरे सीजन में 435.6 मिमी बारिश होती है। साल 2011 से 2023 तक कभी भी 600 मिमी बरसात नहीं हुई।

राजस्थान के कई डैम ओवरफ्लो हो गए हैं। आज बीसलपुर बांध के गेट खोले जाएंगे। 2004 से बीसलपुर बांध के गेट अब तक सिर्फ 6 बार (2004, 2006, 2014, 2016, 2019, 2020) में खोले गए हैं।

मध्य प्रदेश में 1 जून से 5 सितंबर तक 904.9 मिमी बारिश हुई। यह सालाना मानसून औसत से 10% ज्यादा है। राज्य में इस अवधि में सामान्य रूप से 823.9 मिमी बारिश होती है।

आंध्र प्रदेश में बाढ़ के कारण 6 लाख लोगों ने घर छोड़ा
आंध्र प्रदेश में अभी तक हालात समान्य नहीं हुए हैं। पिछले एक हफ्ते से लगातार भारी बारिश होने से कई जिलों में बाढ़ आ गई है। विजयवाड़ा में हालात सबसे ज्यादा खराब है।

सड़कें और घर जलमग्न हो गए हैं। राज्य में अब तक 17 लोगों की मौत हुई हैं। 6 लाख से ज्यादा लोग घर छोड़ कर सुरक्षित जगहों पर शरण लिए हुए हैं।

बाढ़ के कारण 3,973 किमी सड़क क्षतिग्रस्त हो गईं। केंद्र सरकार ने राहत-बचाव के लिए 30 NDRF टीमों और हेलिकॉप्टरों को तैनात किया है। सेना की भी मदद ली जा रही है।

7 सितंबर को 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

  • मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, असम, मेघालय में अतिभारी बारिश (12 सेमी) का अलर्ट है।
  • उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक में भारी बारिश (7 सेमी) का अलर्ट है।
  • राजस्थान और मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों में बिजली गिर सकती है।

मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन यानी 10 सितंबर तक तेज बारिश का दौर थमा रहेगा। डिंडौरी और बालाघाट में तेज बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में धूप-छांव और हल्की बारिश होगी। गुरुवार को राज्य में हल्की बारिश और गर्मी का असर देखने को मिला। भोपाल में कोलार, भदभदा और कलियासोत डैम के एक-एक गेट खुले रहे। दिन में तीखी धूप और बादल भी रहे।