हरियाणा में BJP के 3 उम्मीदवारों की आखिरी लिस्ट जारी:पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का टिकट काटा, गोपाल कांडा से गठबंधन तोड़ा

हरियाणा में भाजपा ने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में 3 उम्मीदवारों के नाम हैं। इस लिस्ट में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत को झटका लगा है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा का टिकट काट दिया गया है।

इससे पहले, भाजपा ने 2 लिस्टों में 87 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। राज्य में 90 विधानसभा सीट के लिए सिंगल फेज में 5 अक्टूबर को वोटिंग होगी। रिजल्ट 8 अक्टूबर को आएगा।

लिस्ट की खास बातें

  • गोपाल कांडा की पार्टी हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) से भाजपा ने गठबंधन तोड़ दिया है। इस बार सिरसा से रोहताश जांगड़ा को टिकट दिया गया है।
  • महेंद्रगढ़ में भाजपा ने 2 लिस्टों में उम्मीदवार की घोषणा नहीं की थी। हालांकि यहां से पहले RSS वर्कर कैलाश पाली और पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा खुद को BJP कैंडिडेट बता नामांकन भर चुके हैं, लेकिन BJP ने दोनों को ही टिकट नहीं दिया।

महेंद्रगढ़ से खट्‌टर के करीबी को टिकट राव इंद्रजीत सिंह से दोस्ती एक बार फिर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा को भारी पड़ी। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करीबी और भाजपा संगठन के पुराने कार्यकर्ता कंवर सिंह को भाजपा ने महेंद्रगढ़ से टिकट दिया है। ये पूर्व में जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

राव इंद्रजीत सिंह और मनोहर लाल खट्‌टर के बीच के रिश्तों की खटास जगजाहिर है। टिकट कटने की संभावनाओं के बीच बुधवार शाम केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह खुद रामबिलास शर्मा के घर पहुंचे थे। यहां ना केवल राव इंद्रजीत सिंह ने रामबिलास को बेइज्जत करने का जिक्र किया, बल्कि खुलकर उनके समर्थन में उतरने का ऐलान भी किया था।

फरीदाबाद NIT से केंद्रीय मंत्री गुर्जर के करीबी को उतारा फरीदाबाद NIT से उम्मीदवार बनाए गए सतीश फागना केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के करीबी हैं। 2013 में बीजेपी जॉइन की थी। फरीदाबाद NIT एरिया में गुर्जर चेहरे के तौर पर अच्छी पहचान रखते हैं। कृष्णपाल गुर्जर की सिफारिश पर ही इन्हें टिकट मिली है।

गोपाल कांडा कल नामांकन भरेंगे गोपाल कांडा का भाजपा ने टिकट काट दिया है। स्थानीय भाजपाई कांडा की टिकट का लगातार विरोध कर रहे थे। सिरसा से भाजपाइयों का एक दल कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से दिल्ली में मिला था। उन्होंने कांडा को टिकट ना देने की मांग उठाई थी। साथ ही यह भी कहा था कि अगर कांडा को टिकट दिया तो विरोध किया जाएगा। ऐसे में भाजपा ने टिकट काट दिया। कांडा को आभास था कि उनका टिकट कटने वाला है, इसलिए उन्होंने कल ही हलोपा की टिकट पर नामांकन भरने का ऐलान कर दिया था।हरियाणा में BJP ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 21 उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। इस लिस्ट में भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली और 2 मंत्रियों समेत 7 विधायकों के टिकट काटे हैं। एक सीट से उम्मीदवार बदल दिया है। पिछला चुनाव हारे 2 पूर्व मंत्रियों को फिर से टिकट दिया गया है। 2 मुस्लिम चेहरों को चुनाव में उतारा गया है।