देश के 17 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 34 लोगों की मौत हुई है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में गुरुवार (12 सितंबर) को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इससे तापमान अचानक गिर गया। किन्नौर, शिमला सहित कई इलाकों में आज सुबह से बारिश हो रही है।
IMD ने उत्तराखंड में शुक्रवार (13 सितंबर) को रेड अलर्ट जारी किया है। चमोली में लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइड हुई। इससे बद्रीनाथ नेशनल हाईवे बंद हो गया है।
राजस्थान में पिछले दो दिन से तेज बारिश से कई जिलों में पानी भर गया है। भरतपुर में स्कूलों में 4 दिन छुट्टी कर दी गई है। धौलपुर में भी अगले आदेश तक स्कूल बंद हैं।
दिल्ली में मकान की दीवार ढही, 1 की मौत; कई फंसे तेज बारिश के कारण सेंट्रल दिल्ली में के नबी करीम इलाके के एक घर की दीवार ढह गई। मलबे में कई लोग फंसे हुए हैं। 1 की मौत हो गई है। रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल 2 लोगों का रेस्क्यू किया कर लिया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आंध्र प्रदेश के 7 जिलों में अलर्ट बाढ़ के चलते निचले इलाकों में भरा पानी अब खत्म हो रहा है। हालांकि, मौमस विभाग ने बताया कि सितंबर के खत्म होते-होते तेज बारिश का एक और दौर आ सकता है। श्रीकाकुलम समेत 7 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
मानसून 19-25 सितंबर के बीच लौट सकता है मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 से 25 सितंबर के बीच लौटना शुरू हो सकता है। सामान्य रूप से मानसून पश्चिमोत्तर भारत से 17 सितंबर से लौटना शुरू होता है।
मानसून सीजन 15 अक्टूबर तक पूरे भारत से खत्म हो जाता है। मौसम विभाग ने कहा कि 1 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में अब तक देश में 836.7mm बारिश हुई। यह इस दौर में हुई सामान्य बारिश (772.5 मिमी) से 8% ज्यादा है।
14 सितंबर को 5 राज्यों में 12 सेमी बारिश का अनुमान
- IMD के मुताबिक, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम, मेघालय, ओडिशा में बहुत भारी बारिश (12 सेमी) का अनुमान जताया है।
- उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 सेमी बारिश का अलर्ट है।