हरियाणा में हिसार जिले के नलवा विधानसभा क्षेत्र में BJP उम्मीदवार रणधीर पनिहार का देवां गांव में विरोध किया गया। यहां गांववालों ने पनिहार को घेर लिया और सवाल जवाब किए। यह सवाल किसान आंदोलन और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों को लेकर थे।
ग्रामीणों ने देर तक रणधीर पनिहार के सामने अपने सवाल रखे। भाजपा कैंडिडेट इन सवालों के जवाब देने से बचते नजर आए। इसी बीच पनिहार के कुछ समर्थकों ने कुछ कहना चाहा तो उनके और गांववालों के बीच बहस होने लगी। इसके बाद गांव के युवकों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। गांववालों को उग्र होता देख पनिहार अपना प्रोग्राम छोड़कर गांव से निकल गए।
इसके अलावा भिवानी से BJP उम्मीदवार घनश्याम श्रॉफ को भी चुनाव प्रचार के दौरान लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने उनकी ओर से करवाए विकास कार्य उन्हें मौके पर ले जाकर दिखाए, और पार्टी विरोधी नारे लगाकर रोष जताया।
भीड़ को रास्ता देने का इशारा बता दें कि हिसार के देवां गांव में बहसबाजी के दौरान जब कुछ गांववाले रणधीर पनिहार को चारों तरफ से घेरकर आगे बढ़ने लगे तो पनिहार भीड़ को अपने हाथों से दूर होने का इशारा करते हुए आगे बढ़ गए। इस दौरान एकबारगी धक्कामुक्की की नौबत भी बन गई, लेकिन बाद में मामला संभल गया।
गुरुवार रात को हुए इस पूरे घटनाक्रम को गांववालों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इससे पहले नलवा सीट के तहत आते रावलवास कलां गांव में भी पनिहार का विरोध हुआ था।
कांग्रेस के टिकट पर लड़े पिछला चुनाव रणधीर पनिहार इस बार भाजपा के टिकट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने 2019 का चुनाव नलवा सीट से ही कांग्रेस के टिकट पर लड़ा और BJP के रणबीर गंगवा से हार गए थे। इस बार भाजपा ने रणबीर गंगवा को बरवाला और नलवा से रणधीर पनिहार को टिकट दिया है।
रणधीर पनिहार भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के दोस्त हैं, और उन्हें कुलदीप ने ही टिकट दिलवाई है। कुलदीप बिश्नोई नलवा सीट पर पनिहार का प्रचार भी कर रहे हैं।
1. कृष्ण बेदी के कार्यक्रम में बवाल नरवाना से उम्मीदवार कृष्ण बेदी गुरुवार को चुनाव प्रचार के लिए गांव कर्मगढ़ गए थे। इस दौरान यहां मौजूद लोगों ने उनसे सवाल किए ओर जवाब मांगा। लोगों ने भाजपा प्रत्याशी से कहा कि किसान आंदोलन में उनके समर्थन में उन्होंने कोई बात क्यों नहीं की? पार्टी से इस्तीफा क्यों नहीं दिया?
आप 10 साल से सरकार में थे। किसान आंदोलन के दौरान किसानों को लाठियां मारने का कार्य किया। इसी बीच वहां पार्टी कार्यकर्ताओं और गांव के लोगों के बीच धक्कामुक्की हो गई। इस दौरान कृष्ण बेदी को गांव के लोगों द्वारा काले झंडे भी दिखाए गए। गौरतलब है कि इससे पहले भिखेवाला गांव में भी भाजपा प्रत्याशी कृष्ण बेदी का विरोध हुआ था।
2. युवक ने अभय सिंह यादव से पूछे सवाल नांगल चौधरी विधानसभा से कैंडिडेट अभय सिंह यादव का अहीर बाहुल्य कोरियावास गांव में विरोध हुआ। यहां कुछ युवाओं ने उनसे सवाल पूछे। युवक प्रदीप ने कहा कि आपने किया क्या है, फिर वोट क्यों दें? पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भर्तियों को रोक कर बैठ गए। इसके कारण युवा परेशान हैं।
युवक ने कहा कि आज से 10 साल पहले भी जिला महेंद्रगढ़ के वही हालत थी और आज भी वही हालत है। 10 साल में जिला महेंद्रगढ़ की सूरत नहीं बदली।
युवक ने करीब 3 मिनट तक सवाल जवाब किए। 3 मिनट बाद विधायक अभय सिंह अपनी सीट से उठे और जवाब देने के लिए युवक से माइक लेना चाहा, लेकिन युवक ने माइक नहीं दिया। इसके बाद कई ग्रामीण उठे। उन्होंने युवक से माइक छीन लिया। इसके बाद युवक को सभा से बाहर कर दिया।
3. रतिया में सुनीता दुग्गल का विरोध, किसानों ने की नारेबाजी फतेहाबाद के रतिया से भाजपा प्रत्याशी पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा। सुनीता दुग्गल गांव भूथन कलां पहुंची थीं। किसान नेता छैलू राम ढाका व अन्य किसान पहले से ही उनका विरोध करने के लिए गांव में तैयार बैठे थे।
जैसे ही सुनीता दुग्गल गांव के चौक में सभा को संबोधित करने लगीं तो किसान इकट्ठे होकर सभा में पहुंच गए। उन्होंने दुग्गल से गांव के किसानों से संबंधित समस्याओं को उठाना शुरू कर दिया। इसके बाद नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने मामले को शांत करवाया।
4. बबली की जनसभा में किसानों का हंगामा टोहाना विधानसभा के गांव चंद्रावल में भाजपा उम्मीदवार पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली की जनसभा में किसानों ने जमकर हंगामा किया। किसानों ने गांव की समस्याओं और पुरानी मांगों को लेकर वहां हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होता देख देवेंद्र बबली ने किसानों को माइक भिजवाया तो उन्होंने खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दीं। इसके बाद सभा को वहीं बंद कर बबली आगे रवाना हो गए।
5. अटेली में पूर्व विधायक सीता राम को ग्रामीणों ने घेरा अटेली विधानसभा के गांव स्याणा में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की बेटी एवं भाजपा उम्मीदवार आरती राव का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में अटेली के पूर्व विधायक सीता राम भी गए थे। सीता राम को ग्रामीणों ने घेर लिया और उनसे सवाल करने लगे। ग्रामीणों ने कहा कि आज आप वोट कैसे मांगने आ गए? 5 साल तक आप कहां थे और गांव में आपने कितने विकास कार्य करवाए हैं?
6. झज्जर में कैंडिडेट को पानी में से निकाला झज्जर में भाजपा कैंडिडेट कप्तान बिरधाना को ग्रामीणों ने गांव लडायन में गलियों में भरे पानी में से निकाला। वह काफिले के साथ वोट मांगने गांव पहुंचे थे। पानी भरा देखकर वह रोड पर ही खड़े हो गए। दूसरी तरफ ग्रामीणों की भीड़ खड़ी थी। इसी बीच गांव की एक महिला भाजपा उम्मीदवार के पास आई और कुछ कहा। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी महिला के साथ पानी में से गुजरे।
गांव लडायन की गलियों में पानी भरा हुआ है। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। उन्हें दिनचर्या के कार्य भी पानी में से ही गुजर कर करने पड़ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी को ग्रामीणों ने समस्या बताई। इस दौरान कप्तान बिरधाना ने कहा कि वह जल्द ही मोटर लगवा कर गलियों से पानी निकलवा देंगे।